स्मार्टफोन आज हमारी लाइफ का अहम हिस्सा बन चुका है. कॉलिंग, ऑनलाइन पेमेंट से लेकर जरूरी कामों तक, हर जगह मोबाइल का इस्तेमाल होता है. लेकिन यही फोन अगर अचानक खतरनाक साबित हो जाए, तो जान पर भी बन सकती है. उत्तरप्रदेश के मुजफ्फरनगर में मोबाइल की बैटरी फटने से हुए हादसे में एक शख्स की जान चली गई है.
दरअसल उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में 40 साल के विकास अंतल बाइक से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान उनकी जेब में रखे मोबाइल की बैटरी फट गई. अचानक हुए इस हादसे से बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़े. हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं. इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
ऐसे में फोन इस्तेमाल करते समय उसकी बैटरी की हालत पर ध्यान देना बेहद जरूरी है. अगर आपके स्मार्टफोन में भी कुछ असामान्य बदलाव दिखाई दे रह हैं, तो उन्हें नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है.
भूलकर भी नजरअंदाज ना करें ये संकेत
1. फोन का पिछला हिस्सा फूलना
अगर आपके स्मार्टफोन का पिछला हिस्सा फूलने लगे या बैक पैनल और बॉडी के बीच गैप दिखाई देने लगे, तो इसे हल्के में न लें. ऐसा बैटरी फूलने की वजह से हो सकता है. ऐसी स्थिति में फोन का इस्तेमाल और चार्जिंग बंद कर दें. फोन को सुरक्षित तरीके से जांचने के लिए अधिकृत सर्विस सेंटर से संपर्क करें.
2. डिस्प्ले का बाहर की तरफ आना
कई बार फोन की बैटरी फूलने पर उसका असर डिस्प्ले पर भी दिखाई देने लगता है. अगर स्क्रीन अपनी जगह से उठने लगे या फोन की बॉडी से बाहर की तरफ निकली हुई दिखे, तो इसे सामान्य समस्या समझकर नजरअंदाज न करें.
3. बिना इस्तेमाल किए फोन का गर्म होना
स्मार्टफोन इस्तेमाल करते समय हल्का गर्म होना सामान्य हो सकता है, खासकर गेम खेलने, वीडियो रिकॉर्ड करने या चार्जिंग के दौरान. लेकिन अगर फोन बिना इस्तेमाल किए ही बार-बार ज्यादा गर्म हो रहा है, तो सावधान हो जाएं. यह बैटरी या फोन के किसी दूसरे हिस्से में खराबी का संकेत हो सकता है.
4. फोन से अजीब गंध आना
अगर स्मार्टफोन से अचानक जलने जैसी गंध आने लगे या कोई असामान्य गंध महसूस हो, तो इसे नजरअंदाज न करें. यह बैटरी या फोन के अंदर मौजूद किसी इलेक्ट्रॉनिक हिस्से में खराबी का संकेत हो सकता है. ऐसी स्थिति में फोन का इस्तेमाल और चार्जिंग तुरंत बंद कर दें. फोन को खोलने या खुद से ठीक करने की कोशिश न करें.
5. गलत चार्जर का इस्तेमाल करना
स्मार्टफोन की बैटरी को सुरक्षित रखने के लिए सही चार्जर का इस्तेमाल करना भी जरूरी है. कई बार लोग फोन के साथ मिलने वाले चार्जर की जगह किसी भी दूसरे चार्जर से मोबाइल चार्ज करने लगते हैं. खराब क्वालिटी या फोन के अनुकूल नहीं होने वाले चार्जर से बैटरी और फोन को नुकसान पहुंच सकता है. इसलिए फोन के निर्माता की ओर से सुझाए गए या प्रमाणित चार्जर और केबल का इस्तेमाल करें.
मोबाइल की बैटरी सुरक्षित रखने के लिए क्या करें?
फोन को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए उसकी बैटरी में होने वाले बदलावों पर ध्यान दें. मोबाइल को बहुत ज्यादा गर्म जगह पर रखने से बचें और चार्जिंग के दौरान अगर वह असामान्य रूप से गर्म होने लगे, तो उसे नजरअंदाज न करें. बैटरी फूलने, स्क्रीन उठने, जलने जैसी गंध आने या फोन से धुआं निकलने जैसे संकेत मिलने पर उसका इस्तेमाल बंद कर दें.
ध्यान रखें, बैटरी में खराबी के हर मामले में ब्लास्ट होना जरूरी नहीं है, लेकिन ऐसे संकेतों को समय रहते पहचानना जोखिम कम करने में मदद कर सकता है.