आजकल हर कोई OTT ऐप्स फिल्मे वेबसीरीज देखता है. लेकिन इन प्लेटफॉर्म पर वीडियो देखते समय बीच-बीच में आने वाले ऐड कई बार मजा किरकिरा कर देते हैं. खासकर तब, जब कोई फिल्म या वेब सीरीज का दिलचस्प सीन चल रहा हो और अचानक ऐड आ जाए. JioHotstar इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को भी इस परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. अब सोशल मीडिया पर एक ऐसी ट्रिक चर्चा में है, जिससे विज्ञापनों को कम करने या हटाने का दावा किया जा रहा है. हालांकि, यह तरीका हर यूजर के लिए काम करेगा, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसे ट्राई जरूर किया जा सकता है.
JioHotstar पर विज्ञापन हटाने की क्या है ट्रिक?
सोशल मीडिया पर शेयर की जा रही इस ट्रिक में वीडियो की टाइमलाइन यानी प्रोग्रेस बार का इस्तेमाल किया जाता है. दावा है कि वीडियो को एक खास तरीके से आगे बढ़ाकर दोबारा चलाने से बीच में आने वाले विज्ञापनों से छुटकारा मिल सकता है. अगर आप भी इसे आजमाना चाहते हैं, तो इसके लिए कुछ स्टेप्स फॉलो करने होंगे.
JioHotstar पर विज्ञापन हटाने की ट्रिक
- JioHotstar पर अपनी पसंद की फिल्म या वेब सीरीज चलाएं.
- वीडियो शुरू होने के बाद प्रोग्रेस बार को पकड़कर आगे की ओर ले जाएं.
- टाइमलाइन को वीडियो के आखिरी हिस्से में आने वाले विज्ञापन के पास ले जाएं.
- जैसे ही आखिरी विज्ञापन शुरू हो, बैक बटन दबाकर वीडियो बंद कर दें.
- अब उसी फिल्म या वेब सीरीज को दोबारा प्ले करें.
- दोबारा वीडियो चलाने के बाद आने वाले पहले विज्ञापन को पूरा चलने दें.
- सोशल मीडिया पर किए गए दावे के मुताबिक, इसके बाद बाकी विज्ञापन दिखाई देना बंद हो सकते हैं.
क्या हर यूजर के लिए काम करेगी यह ट्रिक?
फिलहाल इस ट्रिक को लेकर कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है कि यह JioHotstar के सभी यूजर्स के लिए काम करती है या नहीं. ऐप का वर्जन, डिवाइस और विज्ञापन दिखाने का तरीका अलग होने से इसका नतीजा भी अलग हो सकता है. अगर आपके फोन में यह ट्रिक काम नहीं करती, तो इसकी वजह ऐप की कोई तकनीकी समस्या होना जरूरी नहीं है.
विज्ञापन हटने की क्या हो सकती है वजह?
इस ट्रिक के काम करने के पीछे एक संभावना यह हो सकती है कि वीडियो को आगे बढ़ाने और दोबारा चलाने के दौरान ऐप विज्ञापन दिखाने के क्रम को सही तरीके से अपडेट न कर पाए. लेकिन यह सिर्फ एक अनुमान है. बिना तकनीकी जांच के यह कहना सही नहीं होगा कि JioHotstar का सिस्टम विज्ञापनों को छोड़ देता है या इसी वजह से बाकी ऐड दिखने बंद हो जाते हैं.
समझें कि इस ट्रिक के पीछे की असली वजह अभी साफ नहीं है. इसे आजमाने पर भी विज्ञापन आते रहें, तो हैरान होने की जरूरत नहीं है.