करण जौहर के होस्ट किए गए रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स’ के पहले सीजन के शुरुआती एपिसोड्स रिलीज होने के बाद से सोशल मीडिया पर शो में हो रहे ड्रामे और झगड़ों की काफी चर्चा हो रही है। अब अमेजन प्राइम वीडियो ने आधिकारिक तौर पर इसका दूसरा सीजन लाने की घोषणा कर दी है।
सीजन 2 की तैयारी शुरू हो गई है
यह शो IDTV द्वारा BAFTA और एमी अवॉर्ड जीत चुके इंटरनेशनल फॉर्मेट पर आधारित है और इसे All3Media International के साथ मिलकर बनाया गया है। दुनिया भर में यह शो बेहद पॉपुलर हो चुका है। अब तक 30 से ज्यादा देशों में इसके 35 से अधिक वर्जन बनाए जा चुके हैं। भारत में यह शो 12 जून को लॉन्च हुआ था और तब से ही सोशल मीडिया पर इसके फैंस इसे लेकर थ्योरीज और रिएक्शन शेयर कर रहे हैं। अमेजन प्राइम के मुताबिक, ‘द ट्रेटर्स’ को भारत के 88% पिन कोड्स में देखा गया है।
प्राइम वीडियो इंडिया के डायरेक्टर निखिल मधोक ने कहा कि यह देखना बहुत खुशी की बात है कि भारत में दर्शकों ने इस शो से इतना कनेक्शन महसूस किया। शो में जो थ्रिल, रणनीति और इमोशनल सच्चाई देखने को मिलती है, वह दर्शकों को बहुत पसंद आ रही है। करण जौहर की शानदार होस्टिंग और कंटेस्टेंट्स ने शो को और भी दमदार बना दिया है। प्राइम वीडियो अब सीजन 2 को अगले स्तर पर ले जाने की तैयारी कर रहा है।
All3Media International की एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट सबरीना डुगेट ने भी कहा कि उन्हें शो के भारतीय वर्जन को मिली इतनी पॉजिटिव प्रतिक्रिया देखकर बेहद खुशी हो रही है। दर्शक यहां सिर्फ अपने फेवरेट सेलेब्स को देखने नहीं आए, बल्कि शो के थ्रिल, सस्पेंस और एंटरटेनमेंट की वजह से जुड़े रहे।
पहले सीजन में 20 सेलेब्रिटी कंटेस्टेंट्स ने हिस्सा लिया है
अंशुला कपूर, अपूर्व मुखीजा, आशीष विद्यार्थी, एलनाज़ नौरोज़ी, हर्ष गुजराल, जन्नत जुबैर, जानवी गौर, जैस्मिन भसीन, करण कुंद्रा, लक्ष्मी मांचू, महीप कपूर, मुकेश छाबड़ा, निकिता लूथर, पूरव झा, रफ्तार, राज कुंद्रा, साहिल सलाथिया, सुधांशु पांडे, सूफी मोतीवाला और उर्फी जावेद।
अब तक राज कुंद्रा, लक्ष्मी मांचू, साहिल सलाथिया, महीप कपूर, मुकेश छाबड़ा और रफ्तार शो से बाहर हो चुके हैं। एलनाज नौरोजी और पूरव झा शो के असली गद्दार हैं, लेकिन बाकी कंटेस्टेंट्स को इसका अभी तक पता नहीं है। शो के नए एपिसोड हर गुरुवार रात 8 बजे प्राइम वीडियो पर रिलीज होते हैं।