‘मेरी बात का गलत अनुवाद हुआ’, जौहर सीन पर बयान देकर फंसीं स्वरा भास्कर; ट्रोलिंग के बाद दी सफाई
स्वरा भास्कर इन दिनों अपने बयान के लिए चर्चाओं में बनी हुई हैं. एक्ट्रेस ने हाल ही में 'पद्मावत' के जौहर सीन पर एक ऐसा बयान दिया जिसके बाद उन्हें ट्रोल किया जा रहा है. वहीं अब एक्ट्रेस ने सफाई देते हुए बताया है कि उनके बयान को गलत तरीके से दिखाया गया है.
Edited By : Himani sharma|Updated: Sep 2, 2026 09:39
Share :
(Pic Credit- instagram) स्वरा भास्कर ने शेयर किया वीडियो
---विज्ञापन---
Swara Bhaskar: बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर अपने बेबाक अंदाज के लिए अक्सर चर्चाओं में रहती हैं. हाल ही में एक्ट्रेस ‘पद्मावत’ फिल्म के जौहर सीन पर विवादित बयान देकर खूब ट्रोल हो रही हैं. वहीं अब एक्ट्रेस ने ट्रोलिंग के बाद जौहर सीन पर दिए बयान पर चुप्पी तोड़ी है और सफाई देते हुए कहा है कि उनके बयान को गलत तरीके से अनुवाद किया गया है. एक्ट्रेस ने सफाई देते हुए एक वीडियो शेयर किया है, जो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है. इसके साथ ही स्वरा भास्कर ने ट्रोलर्स की भी क्लास लगाई है. चलिए आपको भी बताते हैं स्वरा भास्कर ने क्या कुछ कहा है.
स्वरा भास्कर ने दी सफाई
स्वरा भास्कर ने अपने ऑफिशियल अकाउंट पर सफाई देते हुए वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में स्वरा ने कहा, ‘आज सुबह से सोशल मीडिया पर एक मेरा क्लिप वायरल हो रहा है. जिसमें मुझसे पूछा गया था कि संजय भंसाली को मैंने ‘पद्मावत’ के ऊपर जो ओपन लेटर लिखा था वो क्यों लिखा था. मैंने जब जवाब देते हुए बताया कि फिल्म देखने के बाद मेरी दिक्कत क्या थीं, तो मैंने कुछ कहा था जो अब गलत तरीके से अनुवादित किया जा रहा है और झूठ बनाकर फैलाया जा रहा है कि मैंने रानी पद्मावती और बाकी महिलाओं ने जो जौहर किया था वो कायर है. मैं क्लियर करना चाहूंगी कि मैंने उन्हें कायर नहीं कहा था.’
एक्ट्रेस ने आगे कहा, ‘मैंने इंग्लिश में बोला था लोगों ने उसका अनुवाद गलत तरीके से किया. अगर आपको कोई भाषा नहीं आती है तो पूछ लेना चाहिए. मैंने कहा था कि भगवान ना करे मैं कभी रेप विक्टिम होती तो मैं वो सब देखकर कायर महसूस करती कि मैंने अपनी जान नहीं ले ली. यानी मैं ऐसा महसूस करती कि मैं रेप के बाद जिंदा बच गई तो मैं कायर हूं. मैंने ये इसलिए कहा था कि क्या हमें ऐसी फिल्में बनानी चाहिए जिसमें ये संदेश जाता है कि एक महिला की शारीरिक पवित्रा उसकी जिंदगी से ज्यादा मूल्यवान है, क्या हमें रेप पीड़ितों को ये संदेश देना चाहिए कि तुम्हारी जान ही चली जाती तो बेहतर था? क्या एक महिला की जिंदगी रेप के साथ खत्म हो जानी चाहिए? मेरा सवाल ये है.’
स्वरा भास्कर ने आगे कहा, ‘ये बिल्कुल भी मत भूलना कि उस जांबाज लड़की निर्भया में जीने की ऐसी लालसा थी कि 6 लोगों ने उसके साथ बर्बरता की और उसके बाद भी वो मरते दम तक लड़ी. तो कभी भी महिलाओं की जो जीने की इच्छा है और जीने की लालसा है उसे कम मत समझना.’ सोशल मीडिया पर स्वरा भास्कर का ये बयान तेजी से वायरल हो रहा है. एक्ट्रेस के फैंस उन्हें सपोर्ट भी कर रहे हैं. वहीं कुछ लोग उन्हें अभी भी ट्रोल कर रहे हैं.