Rupali Ganguly: टीवी की मशहूर एक्ट्रेस रुपाली गांगुली सुर्खियों में आ गई हैं। एक्ट्रेस और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) लीडर के बीच घमासान मचा हुआ है। हाल ही में एक्ट्रेस ने टीएमसी के लीडर नीलांजन दास को एक्स पर ट्वीट शेयर कर खरी-खोटी सुनाई है। सोशल मीडिया पर अनुपमा एक्ट्रेस का ट्वीट काफी वायरल हो रहा है। दरअसल टीएमसी लीडर ने रुपाली को फ्लॉप एक्ट्रेस बोल दिया था, जिसके बाद रुपाली इतना भड़क गईं कि उन्होंने ट्वीट पर नीलांजन दास को खूब सुनाया। आइए जानते हैं आखिर पूरा मामला क्या है?
कैसे शुरू हुई बहसबाजी?
दरअसल ये बहसबाजी तब शुरू हुई जब हाल ही में वेस्ट बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर निशाना साधा था। सीएम ममता ने असम में भाजपा की राजनीतिक गतिविधियों को लेकर आलोचना करते हुए बयान जारी किया था। इस पर टीवी एक्ट्रेस रुपाली ने सीएम ममता पर पलटवार किया था। रुपाली ने ट्वीट शेयर कर सीएम को आड़े हाथों लेते हुए कहा था कि उन्हें बंगाल के हालात पर गौर करने की जरूरत है।
नीलांजन दास ने क्यों कहा फ्लॉप एक्ट्रेस?
रुपाली ने सीएम के खिलाफ ट्वीट शेयर करते हुए लिखा था कि घड़ियाली आंसू बहाने से कुछ नहीं होगा दीदी, आपको बंगाल पर ध्यान देना चाहिए। रुपाली के इस ट्वीट पर टीएमसी नेता नीलांजन दास ने एक्ट्रेस पर पलटवार करते हुए कहा था कि भारत की वरिष्ठ राजनेता को एक फ्लॉप एक्ट्रेस की सलाह की कोई जरूरत नहीं है। फिर क्या था रुपाली इस पर भड़क गईं और उन्होंने नीलांजन दास के खिलाफ ट्वीट जारी कर अपनी भड़ास निकाली।
रुपाली ने निकाली भड़ास
रुपाली ने नीलांजन पर ट्वीट करते हुए कहा, ‘क्या आपकी ‘वरिष्ठ नेता’ जनता की सेवा कर रही हैं या फिर वो तानाशाह बन गई हैं, जिनसे कोई सवाल नहीं कर सकता? अगर आपने उनका तानाशाही रवैया ही मान लिया है, तो बधाई — आपने तानाशाही को अपना लिया है। यही है टीएमसी का असली चेहरा!’ सोशल मीडिया पर अब ये ट्वीट काफी वायरल हो रहा है। जहां कुछ रुपाली का समर्थन कर रहे हैं तो वहीं कुछ उन्हें गलत भी बता रहे हैं।