Rajpal Yadav Breaks Silence Cheque Bounce Case: बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव को चेक बाउंस मामले में सुप्रीम कोर्ट से राहत मिल चुकी है. 14 साल बाद अपना पक्ष रखने का मौका देने के लिए एक्टर ने सुप्रीम कोर्ट का धन्यवाद भी किया. वहीं 22 करोड़ रुपये के दावे पर भी सवाल उठाए. सोशल मीडिया पर भी एक्टर का ये बयान काफी वायरल हो रहा है. दरअसल हाल ही में इस केस की सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई और राजपाल यादव ने 2 करोड़ रुपये भी जमा करा दिए हैं जिसके बाद उन्हें अपना पासपोर्ट भी वापस मिल चुका है. इसके साथ ही राजपाल यादव का केस समझौता के लिए भी भेज दिया गया है. अब एक्टर ने इस केस पर चुप्पी तोड़ी है. चलिए जानते हैं आखिर एक्टर ने क्या कुछ कहा.
एक्टर ने चेक बाउंस मामले पर खुलकर की बात
एएनआई से बातचीत करते हुए एक्टर ने चेक बाउंस मामले पर खुलकर बात की. एक्टर ने इस केस में अपना पक्ष रखने का मौका देने के लिए सुप्रीम कोर्ट का शुक्रिया भी किया. एक्टर ने कहा, ‘सबसे पहले मैं सुप्रीम कोर्ट का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं कि उन्होंने 14 साल बाद इस केस में मुझे अपना पक्ष रखने का मौका दिया. मैं कोर्ट के आदेशों का हर हाल में पालन करूंगा.’ इसके साथ ही एक्टर ने कोर्ट की उस टिप्पणी पर भी बात की जिसमें कहा गया था कि अदालत में नाटक नहीं चलता.
आरोपों पर क्या बोले एक्टर?
एक्टर ने कहा, ‘मैं 42 सालों से अभिनय कर रहा हूं और मुझे इस बात की अच्छे से समझ है. जो भी नाटक कर रहा है उसे बेनकाब किया जाना चाहिए.’ एक्टर ने 22 करोड़ रुपये के दावों पर भी सवाल उठाते हुए कहा, ‘अगर ये 5 करोड़ का मामला होता तो कब का सुलझ जाता. लेकिन ये मामला 22 करोड़ का है. मेरे 22 करोड़ हड़पे गए और अब मुझ पर ही आरोप लगाया जा रहा है. मैं जनता का एक्टर हूं और मैं उन लोगों के बीच भी जाता हूं.’ साथ ही एक्टर ने अपनी पत्नी राधा का भी धन्यवाद करते हुए कहा कि इस मुश्किल समय में भी उनकी पत्नी उनके साथ कंधे से कंधा मिलाए खड़ी रहीं.
पासपोर्ट मिला वापस
एक्टर ने ये भी कहा कि उन्होंने मुझसे मेरा सब कुछ छीनने की कोशिश की, लेकिन मैंने अपना आत्मविश्वास नहीं खोया. मैं बातचीत का समर्थक हूं और मैं इस लड़ाई को बातचीत के जरिए ही लडूंगा. जब तक पूरी सच्चाई सामने नहीं आती, तब तक लड़ाई जारी है. बता दें हाल ही में हुई कोर्ट में सुनवाई के दौरान एक्टर ने 2 करोड़ की राशि जमा करा दी है, जिसके बाद एक्टर को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली है और उनका पासपोर्ट भी वापस कर दिया गया है. अब एक्टर विदेश में जाकर अपनी रुकी हुई फिल्मों की शूटिंग कर सकते हैं.