Prem Keetanu Movie Review: वीर पहाड़िया की सादगी और आफिया का ठहराव; दिल को छू लेती है ये मॉडर्न प्रेम कहानी

Prem Keetanu Movie Review: वीर पहाड़िया स्टारर ‘प्रेम कीटाणु’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. वहीं फिल्म का पहला रिव्यू भी सामने आ गया है. वीर पहाड़िया और आफिस सैयद की जोड़ी को पहली बार फैंस स्क्रीन पर देख रहे हैं. चलिए जानते हैं फिल्म की कहानी कैसी है.

prem keetanu movie review

'प्रेम कीटाणु' सिनेमाघरों में हुई रिलीज (Pic Credit- IMDb)

Movie name: प्रेम कीटाणु

Director: अपूर्व सिंह कार्की

Movie Casts: वीर पहाड़िया, आफिया सैयद, अपारशक्ति खुराना, राकेश बेदी, निखिल विजय

★★★★★

Prem Keetanu Movie Review: जिंदगी के शुरुआती बीस-बाईस साल अजीब सी कशमकश में गुजरते हैं. कोई खास सामने से मुस्कुरा दे तो दिन बन जाता है, फोन पर नोटिफिकेशन की घंटी बजते ही दिल की धड़कन बढ़ जाती है और एक बेतरतीब बातचीत को रात भर करवटें बदलकर डिकोड किया जाता है. ‘प्रेम कीटाणु’ बिल्कुल उसी दौर की नस पकड़ती है। यह सिर्फ एक हल्की-फुल्की लव स्टोरी नहीं है, बल्कि उस उम्र का आईना है जहां प्यार के साथ-साथ करियर, परिवार और अपनी खुद की पहचान के सवाल एक साथ दरवाजे पर दस्तक देने लगते हैं.

विज्ञापन

फिल्म की कहानी

कहानी का केंद्र है विशाल, जिसे वीर पहाड़िया ने पर्दे पर उतारा है. विशाल वैसा ही लड़का है जैसा हर कॉलेज के आखिरी बेंच पर मिल जाता है—बिना किसी लंबे प्लान के आज में जीने वाला, थोड़ा लापरवाह और जिंदगी को लेकर बेहद कैजुअल. फिर एंट्री होती है सुहानी की. आफिया सैयद ने सुहानी के रोल से डेब्यू किया है और उनका किरदार विशाल से बिल्कुल उलट है—प्रैक्टिकल, जमीन से जुड़ा और अपने गोल्स को लेकर सुलझा हुआ. दोनों का टकराव और फिर विशाल का सुहानी के आकर्षण में उलझना स्क्रीन पर बेहद स्वाभाविक और ताजा लगता है.

विज्ञापन

इस बीच कहानी में आते हैं रंजीत बनकर अपारशक्ति खुराना. आम बॉलीवुड फिल्मों में ऐसे तीसरे किरदार को अक्सर विलेन या कॉमिक रिलीफ बनाकर छोड़ दिया जाता है, लेकिन यहां निर्देशक ने मैच्योरिटी दिखाई है. रंजीत के अपने तरीके हैं, अपनी खूबियां हैं और सबसे अच्छी बात यह है कि सुहानी की अपनी पसंद और फैसले हैं. अपारशक्ति और राकेश बेदी (सुहानी के पिता) के बीच की जुगलबंदी थिएटर में हंसी के सबसे जोरदार ठहाके पैदा करती है.

विज्ञापन

वीर पहाड़िया ने विशाल के किरदार को जीने में कोई हड़बड़ी नहीं दिखाई. कॉमिक सीन्स में उनकी टाइमिंग सहज है, लेकिन फिल्म के इमोशनल मोमेंट्स में उनका ठहराव चौंकाता है. जब विशाल को अहसास होता है कि उसकी असली लड़ाई सिर्फ प्यार पाने की नहीं, बल्कि खुद को तलाशने की है, तब वीर काफी असरदार लगते हैं. आफिया सैयद ने अपने पहले ही काम में गजब का ठहराव दिखाया है. दोनों की केमिस्ट्री में कोई बनावटी ड्रामा नहीं है, बल्कि शुरुआती प्यार की वही मीठी हिचकिचाहट और भोलापन है जो दिल को छूता है.

पारिवारिक रिश्तों की बुनावट

फिल्म की असली जान इसके पारिवारिक रिश्तों की बुनावट में है. विशाल और उसके पिता का रिश्ता पर्दे पर बिना किसी मेलोड्रामा के उतारा गया है. जब विशाल अपने पापा को फोन करता है और उधर से पहला सवाल आता है—”क्या चाहिए?” तो यह एक लाइन हर मिडिल-क्लास लड़के के दिल में उतर जाती है. हमारे यहां बाप-बेटे का रिश्ता अक्सर शब्दों से ज्यादा खामोशियों और जिम्मेदारियों से बयां होता है. जब विशाल का यूएस वीजा अप्रूव होता है, तो खुशी के साथ एक अजीब खालीपन छा जाता है—करियर चुनें या प्यार? उड़ जाएं या अपनों के लिए ठहर जाएं? फिल्म यहां आकर एक परिपक्व मोड़ लेती है.

विज्ञापन

दीपक किंगरानी का स्क्रीनप्ले और निखिल विजय (रूममेट) के वन-लाइनर्स कहानी की रफ्तार बनाए रखते हैं. ‘कहो तो’, ‘तू मेरा रैय्यो’ और ‘इश्क का गुलाम’ जैसे गाने बैकग्राउंड में कहानी के साथ खूबसूरती से घुल-मिल जाते हैं. कहीं-कहीं फिल्म की रफ्तार थोड़ी सुस्त महसूस होती है, लेकिन किरदारों की ईमानदारी उस कमी को ढक लेती है.

विज्ञापन

फाइनल वर्डिक्ट

‘प्रेम कीटाणु’ किसी चमत्कार या फिल्मी ड्रामे का दावा नहीं करती. यह सिर्फ इतना समझाती है कि मैच्योर होना किसी जादुई दिन का नाम नहीं है. यह तब होता है जब आप अपने फैसलों की जिम्मेदारी उठाना शुरू करते हैं. यह एक ऐसी साफ-सुथरी, दिल छू लेने वाली फिल्म है जो थिएटर से बाहर आने के बाद भी आपको अपने कॉलेज के दिन, पहली मोहब्बत की घबराहट और घर की यादों के साथ एक सुकून भरी मुस्कान दे जाती है.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ