क्या है एक्टर की मौत का कारण?
प्रशांत की अचानक मौत की खबर फैलते ही अफवाहों की बाढ़ सी आ गई, जिस पर रोक उनकी पत्नी के बयान ने लगाई है. उनकी पत्नी मार्था एले (गीता थापा) ने चुप्पी तोड़ते हुए मीडिया को बताया कि “यह एक नैचुरल मौत थी। वह सोते हुए ही हमें छोड़कर चले गए. उस समय मैं उनके ठीक बगल में मौजूद थी.”
अन्य रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रशांत रात में अच्छे से सोए थे, लेकिन सोते समय ही उनको दिल का दौरा या स्ट्रोक आया होगा, जिसकी वजह से उनकी जान चली गई. सुबह प्रशांत फिर कभी उठे ही नहीं. पत्नी ने इसे नेचुरल डेथ बताया है.
फैंस हुए दुखी
प्रशांत तमांग दार्जिलिंग के रहने वाले थे. छोटी सी उम्र में ही पिता का सया सिर से चला गया, जिसके बाद परिवार की जिम्मेदारी लेकर प्रशांत कोलकाता पुलिस में भर्ती हुए. लेकिन उनका मन संगीत में लगता था, जिसके बाद उन्होंने 2007 में इंडियन आइडल-3 में ऑडिशन दिया और पूरा शो जीत लिया. इसके बाद तो जैसे इनकी गाड़ी चल पड़ी.
प्रशांत रातों-रात मशहूर हो गए. अपनी मधुर आवाज से गोरखा गीत गाकर उन्होंने कई लोगों का दिल जीता. फिर कुछ समय बाद नेपाली फिल्मों में काम किया और हिन्दी वेब सीरीज में भी एंट्री मिली. ‘पाताल लोक 2’ में उन्होंने स्नाइपर डैनियल का रोल निभाया, जिसकी खूब तारीफ हुई. उनकी आखिरी फिल्म सलमान खान की ‘बैटल ऑफ गलवान’ में आने वाली थी.