Javed Akhtar Defamation Case: कई सालों से बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत (Kangana Ranaut) और जावेद अख्तर के बीच कानूनी जंग छिड़ी हुई है। सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) के निधन के बाद कंगना ने अपने इंटरव्यूज में जो कुछ भी कहा, उससे आहत होकर जावेद अख्तर ने एक्ट्रेस के खिलाफ मानहानि का दावा ठोक दिया। अब मुंबई कोर्ट ने एक्ट्रेस और BJP एमपी कंगना रनौत को आखिरी मौका दिया है। अदालत ने मंगलवार को कंगना को जावेद अख्तर मानहानि मामले में उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी करने से पहले एक लास्ट चांस दिया है।
कंगना क्यों नहीं पहुंची कोर्ट?
मीडिया रिपोर्ट्स का दावा है कि इस विवाद को सुलझाने के लिए जो सेशन रखा गया था, उससे कंगना रनौत गायब रहीं। एक्ट्रेस के वकील रिजवान सिद्दीकी (Rizwan Siddiquee) ने अदालत को इन्फॉर्म किया कि वो अपनी संसदीय कमिटमेंट्स की वजह से इस सेशन का हिस्सा नहीं बन पाईं। बार-बार एक्ट्रेस की गैर-मौजूदगी की वजह से जावेद अख्तर के वकील Jay K Bhardwaj ने एप्लीकेशन फाइल की है और रिक्वेस्ट की है कि कंगना के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया जाए।
40 कोर्ट डेट्स से गायब रहीं कंगना रनौत
जावेद अख्तर के वकील ने इस दौरान कंगना रनौत के 40 जरूरी कोर्ट डेट्स से गायब रहने का हवाला भी दिया है। अब जावेद अख्तर के वकील की एप्लीकेशन के बाद कोर्ट ने एक्ट्रेस को जवाब देने के लिए कहा है। कोर्ट ने कंगना रनौत को कोई भी एक्शन लेने से पहले एक मौका देने का फैसला लिया है। आपको बता दें, कंगना और जावेद अख्तर के बीच ये लीगल केस साल 2020 में शुरू हुआ था। 2016 में की एक्ट्रेस की टिप्पणी पर जब जावेद अख्तर ने एक्शन लिया था।
प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचने पर जावेद अख्तर ने ठोका था केस
जावेद अख्तर का कहना है कि कंगना ने इंटरव्यू में जो कुछ भी कहा उससे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है। इसके बाद कंगना ने भी जावेद अख्तर पर पलटवार किया था। तब से अब तक ये मामला कोर्ट में चल रहा है। हर बार यही खबर सुनने को आती है कि कंगना रनौत सुनवाई में शामिल नहीं हुईं। अब लगता है इस बार मामला गंभीर हो गया है। फैंस को डर है कि कंगना कहीं किसी मुश्किल में न पड़ जाएं।