Rang Barse Bhige Chunar Wali Song: पूरे देश में धूमधाम से होली का त्योहार मनाया जा रहा है. लेकिन अगर सबसे मशहूर होली के गानों की बात करेंगे, तो 1981 में आई सिलसिला फिल्म का ‘रंग बरसे भीगे चुनर वाली’ गाना सबसे ऊपर आता है. यह 45 साल पुराना गीत आज भी लोगों की जबान पर वैसा का वैसा ही रटा हुआ है. होली पार्टी में यह गाना जरूर बजाया जाता है. इस गाने के बिना होली अधूरी मानी जाती है.
गाने की रोचक कहानी
यह गाना मीरा बाई के पुराने भजन से प्रेरित है. यह भजन मीरा का था- “रंग बरसे ओ मीरन, भवन में रंग बरसे”. अमिताभ बच्चन के पिता, मशहूर कवि हरिवंश राय बच्चन ने इसके बोल लिखे थे. संगीत शिव-हरी (पंडित शिवकुमार शर्मा और हरिप्रसाद चौरसिया) ने दिया था. वहीं अमिताभ बच्चन ने खुद इस गाने को गाया है.
राज कपूर का दिल बहलाना था बहाना
ये कहानी तब शुरू हुई, जब 1980 के दशक में राज कपूर के आरके स्टूडियो में होली की पार्टी हो रही थी. राज कपूर उस समय कुछ परेशान थे क्योंकि उनकी कई फिल्में फ्लॉप हो चुकी थीं. उन्होंने अमिताभ बच्चन से कहा कि कुछ गाकर सबका मन बहलाओ. अमिताभ ने मीरा के भजन की धुन पर रंग बरसे भीगे चुनर वाली गाया. सबको बहुत खुशी मिली. उस पार्टी में फिल्मकार यश चोपड़ा भी थे. उन्हें गाना इतना पसंद आया कि उन्होंने इसे अपनी फिल्म सिलसिला में डाल दिया.
फिल्म का ये कल्ट गाना
फिल्म सिलसिला में अमिताभ बच्चन, रेखा और जया बच्चन इस गाने में नजर आते हैं. रंग खेलते हुए, मस्ती करते हुए यह गाना फिल्माया गया है. अमिताभ और रेखा की जोड़ी की यह आखिरी फिल्म थी. गाने के बोल मजेदार हैं- “रंग बरसे भीगे चुनर वाली, रंग बरसे…”. यह सुनते ही लोग नाचने लगते हैं. YouTube पर इस गाने पर 173 मिलियन व्यूज हो चुके हैं.