Salman Khan: बॉलीवुड एक्टर सलमान खान अक्सर ही किसी ना किसी वजह से सुर्खियों में आ जाते हैं. एक तरफ जहां भाईजान अपनी फिल्मों को लेकर चर्चा में हैं, तो वहीं, दूसरी ओर सलमान खान ने असम में बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए कदम बढ़ाए हैं. पहले सलमान खान ने पीड़ितों के लिए भोजन और जरूरी सामान अवेलेबल कराया था, लेकिन अब उन्होंने इसमें एक ओर कदम आगे किया है.
सलमान खान का फैसला
दरअसल, सलमान खान अब पुनर्वास पर फोकस कर रहे हैं. जी हां, उनकी संस्था Being Human ने गैर-लाभकारी संगठन Global Sikhs के साथ मिलकर बाढ़ में बेघर हुए लोगों के लिए 500 अर्ध-स्थायी घर बनाने का संकल्प लिया है. ये फैसला तब लिया गया है, जब असम के कई गांव अभी भी बाढ़ की तबाही से निकलने की कोशिश कर रहे हैं.
35,000 से 40,000 रुपये एक घर की लागत
जानकारी की मानें तो, सलमान खान ने Being Human और Global Sikhs के संयुक्त अभियान ‘आशियाना’ के तहत बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए 500 अर्ध-स्थायी घर बनवाने का फैसला लिया है. इस जानकारी मिलने के बाद फैंस उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं. बता दें कि ये घर बांस और टिन शीट से बनाए जा रहे हैं, जिससे भविष्य में बाढ़ का असर कम हो और हर एक घर की अनुमानित लागत करीब 35,000 से 40,000 रुपये जा रही है.
रणदीप ने दी जानकारी
सूत्रों की मानें, तो सलमान खान ने एक्टर रणदीप हुड्डा के राहत कार्यों के वीडियो देखने के बाद इस अभियान में दिलचस्पी दिखाई है. इसके बाद उन्होंने एक साझा परिचित के जरिए रणदीप से संपर्क कर बाढ़ प्रभावित इलाकों की मौजूदा जरूरतों की जानकारी ली और रणदीप ने उन्हें बताया है कि Global Sikhs के करीब 70 स्वयंसेवक लगातार राहत और पुनर्वास के काम में लगे हुए हैं.
पीड़ितों की मदद कर रहे सलमान खान
गौरतलब है कि संयुक्त अभियान ‘आशियाना’ के तहत अब तक 220 घर तैयार किए जा चुके हैं और ये घर असम के सबसे ज्यादा प्रभावित गांवों में शामिल नेपाली खुटी में बनाए गए हैं. निर्माण पूरा होते ही हर घर संबंधित परिवार को सौंपा जा रहा है. ऐसा पहली बार नहीं है जब सलमान खान इस तरह मदद के लिए आगे आए हैं. पहले भी वो लोगों की मदद कर चुके हैं.
यह भी पढ़ें- 4000 करोड़ी ‘रामायण’ की रिलीज पर महादशा! 28000 करोड़ी ‘गॉडजिला’ से होगी टक्कर