Bigg Boss 19: सलमान खान का रियलिटी शो ‘बिग बॉस 19’ इन दिनों सुर्खियों में बना हुआ है. इस वीकेंड का वार में सलमान खान ने गौरव खन्ना को वेकअप कॉल देते हुए उनकी क्लास लगाई है. वहीं मेकर्स ने नया प्रोमो जारी किया है, जिसमें सलमान खान अशनूर कौर और अभिषेक की दोस्ती पर बात करते नजर आ रहे हैं. बिग बॉस के होस्ट सलमान खान ने अशनूर कौर की दोस्ती पर शक करते हुए उनकी जमकर क्लास भी लगाई. चलिए आपको भी बताते हैं अपकमिंग एपिसोड में क्या कुछ देखने को मिलने वाला है?
अशनूर ने बोला झूठ?
दरअसल हाल ही में अभिषेक बजाज घर के कैप्टन बन गए हैं. कैप्टेंसी टास्क में अपने दम पर जीतने के बाद ही अभिषेक ने लीडर का खिताब अपने नाम किया. वहीं टास्क के बाद अशनूर कौर ने अवेज दरबार से बात करते हुए कहा था कि अभिषेक मेरी वजह से कैप्टन बने हैं क्योंकि टास्क में मैं अभिषेक के लिए पीछे हट गई थी, ताकि अभिषेक कैप्टन बन सके. हालांकि अशनूर की ये बात एकदम झूठ थी, क्योंकि अभिषेक टास्क में खुद से जीते थे. वहीं अब वीकेंड का वार में सलमान खान ने इस बात को फिर से उठाया है.
सलमान खान ने कसा तंज
सलमान खान ने सबके सामने अशनूर पर तंज कसते हुए कहा कि अशनूर का मानना है कि अभिषेक उनकी वजह से घर के कैप्टन बने हैं. ये सुनकर घरवाले भी शॉक्ड हो जाते हैं. वहीं इसके साथ ही सलमान खान ने आगे कहा कि अशनूर तुमने पहले अभिषेक को नॉमिनेशन में सेफ नहीं किया फिर तुम झूठ बोल रही हो कि अभिषेक ने कैप्टेंसी तुम्हारी वजह से जीती है, तो ये कैसी दोस्ती है?
अशनूर-अभिषेक की दोस्ती में दरार?
सलमान खान के इस बयान के बाद अब लग रहा है कि आने वाले दिनों में अशनूर और अभिषेक की दोस्ती में भी दरार आ सकती है. वहीं फिलहाल अशनूर और अभिषेक की दोस्ती ऑडियंस को काफी पसंद आ रही है लेकिन नॉमिनेशन और कैप्टेंसी टास्क के बाद ऑडियंस भी इन दोनों की दोस्ती पर सवाल उठाने लगी है, लोगों का मानना है कि अशनूर अभिषेक के साथ मतलब की दोस्ती निभा रही हैं.