Arshad Warsi Controversy: बॉलीवुड एक्टर अरशद वारसी और उनकी पत्नी मारिया गोरेट्टी कानूनी पचड़े में फंस गए हैं। इन दोनों के लिए मुसीबत खड़ी हो गई है। इतना ही नहीं अब अरशद वारसी और उनकी पत्नी पर बड़ा एक्शन भी लिया गया है। ये मामला वित्तीय घोटाले का है और अब अरशद वारसी, उनकी पत्नी और भाई को SEBI ने एक साल के लिए शेयर बाजार से बैन कर दिया है। SEBI ने ये एक्शन तब लिया, जब उन्हें साधना ब्रॉडकास्ट लिमिटेड से जुड़े स्टॉक में हेरफेर मामले में इनकी इन्वॉल्वमेंट मिली।
SEBI को मिली मिश्रा और वारसी की व्हाट्सएप चैट
SEBI को जांच के दौरान पता चला कि ‘पंप एंड डंप’ स्कीम के जरिए घोटाला किया गया था। दरअसल, कुछ शेयरों की कीमतों को बनावटी तरीके से बढ़ाया और फिर महंगे दामों में बेचकर काफी बड़ा पैसा कमाया गया। ऐसे में जब आम लोग इन शेयरों में इंवेस्ट करते हैं, तो उन्हें मोटा नुकसान होता है। SEBI के मुताबिक, अरशद वारसी और बाकी लोगों ने मिलकर मनीष मिश्रा के साथ काम किया। उन्होंने कंपनी को लेकर झूठी खबरें फैलाईं। बताया जा रहा है कि SEBI को मनीष मिश्रा और अरशद वारसी की व्हाट्सएप चैट मिली है।
एक्टर और उनकी पत्नी पर 5-5 लाख रुपये का जुर्माना
इस व्हाट्सएप चैट में मनीष ने अरशद वारसी, उनकी पत्नी और भाई के अकाउंट्स में 25-25 लाख रुपये ट्रांसफर करने की बात की थी। अब SEBI ने इस मामले में 7 लोगों को 5 साल और बाकी 54 लोगों को 1 साल के लिए ट्रेडिंग करने से बैन कर दिया है। इतना ही नहीं अब एक्टर और उनकी पत्नी को 5-5 लाख रुपये का जुर्माना भरने और 1.05 करोड़ रुपये का इलीगल मुनाफा वापस करने का भी ऑर्डर दिया गया है।
शेयर बाजार से किया गया बैन
दूसरी तरफ, अरशद वारसी ने अपनी सफाई में बयान दिया है कि वो स्टॉक ट्रेडिंग में नए थे और उन्हें इन रिस्क को लेकर जानकारी नहीं थी। बताया जा रहा है कि एक्टर न सिर्फ अपने अकाउंट, बल्कि पत्नी मारिया गोरेट्टी और भाई के अकाउंट्स से भी ट्रेडिंग किया करते थे। अब इस रैकेट का पर्दाफाश हो गया है और गौरव गुप्ता, राकेश कुमार गुप्ता और मनीष मिश्रा को मास्टरमाइंड बताया गया है।