अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' को बम से उड़ाने की धमकी, दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट भी निशाने पर
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित बंगले ‘जलसा’ को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. मुंबई की मेयर रितु राजेश तावड़े को आए एक धमकी भरे ईमेल में बिग बी के साथ-साथ दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को भी निशाना बनाने की बात कही गई है. धमकी सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं.
अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित बंगले 'जलसा' और महालक्ष्मी में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट स्थल को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई है.
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और उनके जुहू स्थित बंगले ‘जलसा’ को लेकर एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है. बिग बी के बंगले को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. यह धमकी मुंबई की मेयर रितु राजेश तावड़े को शुक्रवार सुबह भेजे गए एक ईमेल के जरिए मिली है, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हड़कंप मच गया है. मुंबई पुलिस के डीसीपी मनीष कलवानिया ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बीएमसी और मेयर कार्यालय को एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ था. ईमेल में केवल अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ को ही नहीं, बल्कि खुद मेयर के कार्यालय और मशहूर पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के आगामी कॉन्सर्ट को भी निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है. दिलजीत दोसांझ का ‘ऑरा इंडिया टूर’ कॉन्सर्ट आगामी 27 नवंबर, 2026 को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में आयोजित होना तय है.
मुंबई की मेयर रितु राजेश तावड़े को मिले धमकी भरे ईमेल का पूरा ब्योरा सामने आ गया है. इस ईमेल में बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन, पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ, स्कूलों और मेयर कार्यालय को सीधे तौर पर निशाना बनाने की बात लिखी गई है. ईमेल ‘Smith Johnson’ नाम के यूजर द्वारा (smithjohnson6889@gmail.com) शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 11:31 बजे भेजा गया. ईमेल की शुरुआत में ही “KHALISTAN Zindabad” लिखा गया और मेयर कार्यालय में दोपहर 3:11 बजे तथा स्कूलों में दोपहर 1:11 बजे धमाका करने की धमकी देकर लिखा गया— “Apne Bachay Bachao”.
अमिताभ बच्चन और ‘जलसा’ को लेकर क्या लिखा?
ईमेल में साफ लिखा गया है कि बच्चन का ‘जलसा’ 31 अक्टूबर से 27 नवंबर तक निशाने पर रहेगा. इसमें आगे धमकी दी गई है कि 31 अक्टूबर को बच्चन को ग्रेनेड हमले में मारेंगे. मेल में आरोप लगाते हुए लिखा गया है कि 1984 में उन्होंने “खून का बदला खून” का नारा देकर सिखों के साथ गलत किया था. दिलजीत गायक दिलजीत दोसांझ के 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स में होने वाले कॉन्सर्ट को लेकर ईमेल में लिखा गया है कि उस दिन बम और आत्मघाती हमले में दिलजीत को खत्म किया जाएगा.
विज्ञापन
धमकी देने वाले ने इसके पीछे की वजह बताते हुए लिखा कि दिलजीत ने कथित तौर पर बच्चन के पैर छुए थे. खालिस्तानी संगठनों का नाम ईमेल के अंत में ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ और ‘बब्बर खालसा (परमार-कनाडा)’ का जिक्र किया गया है. इसके तहत चार कथित नाम- इंजि. गुरनख सिंह, डॉ. गुरनिरवैर सिंह, प्रो. गुरकाल सिंह (Phd) और प्रो. गुरंगार सिंह लिखे गए हैं. पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे मेल के एक-एक शब्द और इसके डिजिटल सोर्स की गहन जांच में जुट गई हैं.
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर
सुपरस्टार अमिताभ बच्चन की सुरक्षा हमेशा से कड़ी रहती है, लेकिन बंगले को सीधे तौर पर निशाना बनाने की बात सामने आते ही पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है. धमकी भरा ईमेल कहां से और किस आईपी एड्रेस से भेजा गया है, इसकी तकनीकी जांच साइबर सेल और स्थानीय पुलिस द्वारा तेजी से की जा रही है.
विज्ञापन
दिल्ली में दिलजीत के कॉन्सर्ट को नहीं मिली मंजूरी
एक तरफ मुंबई में अमिताभ बच्चन और दिलजीत के कॉन्सर्ट को धमकी मिली है, वहीं दूसरी तरफ दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को अनुमति देने से इनकार कर दिया है. दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 30 अक्टूबर, 2026 को यह कार्यक्रम होना था.