हमारे साथ जुड़ें X IG YT FB
Trending: CJP ProtestGyanesh KumarSIRBigg Boss 20

MP Board Result 2024 Live: 10वीं में मुरैना, 12वीं में नरसिंहपुर ने मारी बाजी, देखें टॉप 5 शहरों के नाम

MPBSE 10th 12th Class Result 2024: मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड में 12वीं में 82% और 10वीं में 58.10% छात्र पास हुए हैं। इससे पहले मंगलवार को राज्य में 5वीं और 8वीं की परीक्षाओं के रिजल्ट की घोषणा की गई थी।

विज्ञापन
MP Board Toppers

Live Updates

16:57 (IST) 24 Apr 2024

10वीं के टॉप 5 शहर

MP Board 10th Result 2024 के परिणाम में मुरैना ने बाजी मारी है। एमपी में हाई स्कूल के सबसे ज्यादा टॉपर मुरैना से हैं। इसके अलावा टॉप 5 शहरों में शिवपुरी, भिंड, ग्वालियर और दतिया का नाम मौजूद है।

16:54 (IST) 24 Apr 2024

12वीं में टॉप 6 शहर

MP Board 12th Result 2024 में मध्य प्रदेश का नरसिंहपुर जिला अव्वल रहा है। एमपी में सबसे ज्यादा टॉपर नरसिंहपुर के हैं। इसके अलावा टॉप 6 में नीमच, इंदौर, अनूपपुर, उज्जैन और झाबुआ का नाम शामिल है।

16:25 (IST) 24 Apr 2024

12वीं कॉमर्स और साइंस के टॉपर

12वीं की कॉमर्स स्ट्रीम में मुस्कान डांगी ने टॉप किया है। उन्हें 500 में से 493 नंबर मिले। दूसरे स्थान पर 482 अंक पाकर गरिमा जैन गौरी जायसवाल रहीं। वहीं, साइंस स्ट्रीम में 493 अंक पाकर अंशिका मिश्रा ने टॉप किया। दूसरे स्थान पर अंकित चौबे (491) और तीसरे पर गीता लोधी (490) रहीं।

16:18 (IST) 24 Apr 2024

हाईस्कूल में 58.10 प्रतिशत हुए पास

बोर्ड की ओर से मिली जानकारी इस साल हाईस्कूल में कुल 8 लाख 27 हजार 509 छात्र-छात्राओं ने रजिस्ट्रेशन करवाया था। इनमें से 8 लाख 21 हजार 491 ने परीक्षा दी थी। वहीं, पास होने वालों की संख्या 4 लाख 77 हजार 75 रही। कुल मिलाकर हाईस्कूल का पास प्रतिशत 58.10 रहा। लड़कियों का पास प्रतिशत लड़कों से ज्यादा रहा है। 54.35 प्रतिशत लड़के पास हुए हैं जबकि 61.88 प्रतिशत लड़कियां पास हुई हैं।

16:11 (IST) 24 Apr 2024

12वीं कला स्ट्रीम में जयंत यादव टॉपर

एमपी बोर्ड 12वीं के रिजल्ट भी जारी हो गए हैं। इंटरमीडिएट में कला (ह्यूमैनिटीज) स्ट्रीम में शाजापुर के सहारा पब्लिक स्कूल के जयंत यादव ने टॉप किया है। उन्हें 500 में से 487 अंक मिले हैं। कला स्ट्रीम में दूसरे स्थान पर कुलदीप भी इसी स्कूल के छात्र हैं जिन्हें 486 अंक मिले हैं। तीसरे स्थान पर 484 अंकों के साथ निशा भारती रहीं।

16:03 (IST) 24 Apr 2024

हाईस्कूल में अनुष्का टॉपर

एमपी बोर्ड 10वीं और 12वीं का रिजल्ट जारी हो गया है। 10वीं यानी हाईस्कूल में अनुष्का अग्रवाल ने टॉप किया है। उन्हें 500 में से 495 अंक मिले हैं। मंडला के ज्ञान ज्योति इंग्लिश मीडियम हायर सेकंडरी स्कूल की छात्रा अनुष्का ने मैथ्स और साइंस में 100 में से 100 नंबर हासिल किए हैं। दूसरे स्थान पर 493 अंकों के साथ रेखा रेबारी, इश्मिता तोमर और स्नेहा पटेल रहीं।

15:57 (IST) 24 Apr 2024

कब हो सकता है सप्लीमेंट्री एग्जाम

एमपी बोर्ड 10वीं और 12वीं का रिजल्ट (MPBSE Result 2024) कुछ देर में ही जारी हो जाएगा। जो छात्र इसमें सफल नहीं हो पाते हैं उनके पास अपना साल बचाने के लिए सप्लीमेंट्री परीक्षा का विकल्प होगा। सप्लीमेंट्री एग्जाम वो छात्र दे सकते हैं जो एक या अधिकतम 2 विषयों में फेल हों। जानकारी के अनुसार इस साल के लिए सप्लीमेंट्री एग्जाम का आयोजन जुलाई में कराया जा सकता है।

15:41 (IST) 24 Apr 2024

बोर्ड की वेबसाइट हुई डाउन

एमपी बोर्ड 10वीं और 12वीं का रिजल्ट आने में अब बस कुछ मिनट का समय बचा है। इससे पहले बोर्ड की वेबसाइट mpbse.nic.in और mpbse.mponline.gov.in डाउन हो गई हैं। हालांकि, mpresults.nic.in वेबसाइट अभी काम कर रही है। ऐसे में रिजल्ट देखने के ऑप्शनल तरीके नीचे दिए गए हैं।

मोबाइल ऐप पर ऐसे देखें रिजल्ट

एसएमएस भेजकर जानें परिणाम

15:29 (IST) 24 Apr 2024

पास होने के लिए कितने अंक जरूरी?

एमपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा (MP Board 10th 12th Result 2024) में पास होने के लिए छात्रों को हर विषय में कम से कम 33 प्रतिशत अंक लाने होंगे। हालांकि, अगर कोई छात्र इतने नंबर नहीं ला पाता है तो उसे सप्लीमेंट्री एग्जाम देना होगा। इसमें पास होने पर उसे अपना साल नहीं बर्बाद करना होगा।

15:18 (IST) 24 Apr 2024

कितने नंबर पर कौन सा ग्रेड?

रिजल्ट जारी होने के बाद छात्रों को ये पता चल जाएगा कि उन्हें किस विषय में कितने नंबर मिले हैं और उनका कुल स्कोर कितना रहा है। नंबरों के हिसाब से ग्रेड तय किए जाते हैं। अगर किसी छात्र को 20 से कम नंबर मिलते हैं तो उसका ग्रेड ई होगा। 20-29 के बीच डी, 30 से 39 के बीच डी+, 40 से 49 के बीच सी, 50 से 59 के बीच सी+, 60 से 69 के बीच बी, 70 से 79 के बीच बी+, 80 से 89 के बीच ए और 90 से 100 के बीच नंबर आने पर ए+ ग्रेड माना जाएगा।

14:52 (IST) 24 Apr 2024

रोल नंबर, एप्लीकेशन नंबर रखें तैयार

एमपी बोर्ड 10वीं और 12वीं का परिणाम (MP Board Result 2024) थोड़ी देर में जारी होने वाला है। जो छात्र इन परीक्षाओं में शामिल हुए थे और रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं उन्हें परिणाम देखने के लिए अपने रोल नंबर और एप्लीकेशन नंबर की जरूरत पड़ेगी। ऐसे में किसी दिक्कत से बचने के लिए छात्रों को अपना एडमिट कार्ड अपने पास रखना चाहिए।

14:03 (IST) 24 Apr 2024

15 लाख से ज्यादा छात्रों को रिजल्ट का इंतजार

मध्य प्रदेश में इस साल 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा देने वाले 15 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राएं अपने रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं। बता दें कि इस साल हाईस्कूल की परीक्षा देने वाले छात्रों की संख्या लगभग 7.29 लाख और इंटरमीडिएट के छात्रों की संख्या 8.15 लाख है। आज 4 बजे बोर्ड की प्रेस कॉन्फ्रेंस में परिणामों (MP Board 10th 12th Result 2024) का ऐलान किया जाएगा।

13:36 (IST) 24 Apr 2024

2023 में कुछ ऐसा था रिजल्ट

साल 2023 में एमपी बोर्ड ने 10वीं और 12वीं के परिणाम 25 मई को जारी किए थे। 10वीं में 8 लाख 15 हजार 364 छात्र शामिल हुए थे जिनमें से पास होने वालों की संख्या 5 लाख 15 हजार 955 रही थी। वहीं, 12वीं की परीक्षा देने वालों की संख्या 7 लाख 27 हजार 44 थी। इनमें से 4 लाख 1366 पास हुए थे। हाईस्कूल में पास प्रतिशत 63.2 और इंटरमीडिएट में 55.28 रहा था।

13:21 (IST) 24 Apr 2024

ऐप से भी देख सकते हैं रिजल्ट

एमपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं का रिजल्ट (MPBSE Board Result 2024) आधिकारिक वेबसाइट्स और मैसेज सर्विस के अलावा बोर्ड के ऐप से भी देखा जा सकेगा। इसके लिए आपको प्लेस्टोर से MP Mobile नाम का ऐप डाउनलोड करना होगा। ऐप में लॉगइन करने के बाद आपको दोनों बोर्ड परीक्षाओं के रिजल्ट के लिंक दिखेंगे। इस पर क्लिक करने के बाद मांगी हुई जानकारियां सबमिट करनी होंगी। क्लिक करने के बाद आप रिजल्ट अपने फोन की स्क्रीन पर देख सकेंगे।

13:06 (IST) 24 Apr 2024

किस साल कितने छात्र हुए पास

मध्य प्रदेश बोर्ड की 10वीं और 12वीं का रिजल्ट आज जारी होगा। सबकी नजर इस बात पर लगी है कि इस साल पास होने वाले छात्रों का प्रतिशत कितना रहेगा। बता दें कि पिछले साल 55.28 प्रतिशत छात्र पास हुए थे। साल 2022 में यह आंकड़ा 72.72 प्रतिशत जबकि 2021 में 100 प्रतिशत था। साल 2020 में 68.81 प्रतिशत, 2019 में 72.37 प्रतिशत, 2018 में 72.27 प्रतिशत और 2017 में 67.8 प्रतिशत छात्र पास हुए थे।

12:52 (IST) 24 Apr 2024

छात्रों के लिए बोर्ड की हेल्पलाइन

एमपी बोर्ड ने छात्र-छात्राओं के लिए एक हेल्पलाइन की शुरुआत की है। इसके अलावा काउंसलिंग सेंटर भी बनाए गए हैं। हेल्पलाइन का टोल फ्री नंबर 18002330175 है। यह पहल छात्रों के मन से बोर्ड परीक्षा को लेकर डर को दूर करने के लिए की गई है। अगर किसी छात्र को बोर्ड परीक्षा को लेकर कोई चिंता या सवाल है तो इसके लिए वह हेल्पलाइन या सेंटर की मदद ले सकता है।

12:25 (IST) 24 Apr 2024

12वीं के छात्रों को मिलेंगे बोनस मार्क्स

एमपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं का रिजल्ट (MP Board 10th 12th Result 2024 ) आज जारी हो जाएगा। 12वीं के छात्रों को इस बार बोनस अंक दिए जा रहे हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि मैथ्स और केमिस्ट्री के पेपर में कुछ सवाल गलत आए थे। इसलिए छात्रों को बोनस के रूप में 2 अतिरिक्त अंक मिलेंगे। ये बोनस मार्क्स पाने वाले छात्रों की संख्या 7 लाख से ज्यादा रहेगी।

10:47 (IST) 24 Apr 2024

डिजीलॉकर से भी देख सकेंगे रिजल्ट

एमपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं का रिजल्ट (MP Board 10th 12th Result 2024) आज सामने आने वाला है। रिजल्ट देखने के लिए छात्र डिजीलॉकर ऐप का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। इसके लिए आपको ऐप इंस्टॉल कर लॉगइन करना होगा। ऐप खोलने पर आपको मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड का ऑप्शन मिलेगा। इस पर क्लिक करें और मांगी हुई जानकारियां भरकर सबमिट कर दें। फोन की स्क्रीन पर आपका रिजल्ट आ जाएगा।

09:40 (IST) 24 Apr 2024

एसएमएस से कैसे देखें रिजल्ट?

एमपी बोर्ड आज 10वीं और 12वीं का रिजल्ट जारी करेगा। छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर परिणाम (MP Board Result 2024) देख सकेंगे। लेकिन, अगर किसी कारण से छात्र वेबसाइट एक्सेस नहीं कर पा रहे हैं तो एसएमएस के जरिए भी रिजल्ट देखा जा सकता है। इसके लिए मैसेज में MPBSE10 लिखें और स्पेस देकर अपना रोल नंबर लिख दें। इस मैसेज को 56263 पर भेजना होगा, जिसके बाद रिजल्ट की जानकारी मैसेज में मिल जाएगी।

09:23 (IST) 24 Apr 2024

पिछले साल 12वीं के टॉपर्स कौन थे?

एमपी बोर्ड आज 10वीं और 12वीं का रिजल्ट जारी करने वाला है। परिणाम के साथ टॉपर्स की लिस्ट (MP Board 12th Toppers 2024) भी आ जाएगी। पिछले साल यानी 2023 की 12वीं की बोर्ड परीक्षा में बायोलॉजी स्ट्रीम में विकास द्विवेदी ने टॉप किया था। उन्हें 500 में से 491 अंक मिले थे। कॉमर्स स्ट्रीम में प्रिंसी खेमसरा (482), मैथ्स स्ट्रीम में नारायण शर्मा (488), एग्रीकल्चर स्ट्रीम में अनुज कुमार ठाकुर (484) और फाइन आर्ट्स में कंचन (460) ने टॉप किया था।

09:09 (IST) 24 Apr 2024

पिछले साल 10वीं में किसने किया था टॉप?

एमपी बोर्ड की 10वीं की पिछले साल हुई परीक्षा में इंदौर के रहने वाले मृदुल पाल ने टॉप किया था। उन्हें 500 में से 494 नंबर मिले थे। वहीं, दूसरे स्थान पर 493 अंकों के साथ प्राची गढ़वाल, कीर्ति प्रभा मिश्रा और स्नेहा लोधी का नाम था। आज इस साल हुई बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट जारी होगा और इसी के साथ टॉपर्स की लिस्ट (MP Board 10th Toppers 2024) भी आ जाएगी।

08:13 (IST) 24 Apr 2024

आज मिलेगी सिर्फ ऑनलाइन मार्कशीट

एमपी बोर्ड की ओर से आज दोपहर बाद 4 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में 10वीं और 12वीं का रिजल्ट जारी किया जाएगा। बता दें कि आज रिजल्ट जारी होने के साथ छात्र ऑनलाइन अपनी मार्कशीट (MP Board 10th 12th Marksheet) डाउनलोड कर सकेंगे। लेकिन, फिजिकल मार्कशीट और पास सर्टिफिकेट कुछ दिनों बाद स्कूलों को भेजे जाएंगे। इसके बाद छात्र-छात्राएं अपने-अपने स्कूल से अपनी मार्कशीट और सर्टिफिकेट ले सकेंगे।

07:57 (IST) 24 Apr 2024

कल आया था 5वीं और 8वीं का रिजल्ट

एमपी बोर्ड ने मंगलवार को सरकारी स्कूलों की 5वीं और 8वीं की परीक्षा के रिजल्ट जारी किए थे। 5वीं में 91.51 प्रतिशत बच्चे पास हुए हैं तो 8वीं में 86.22 प्रतिशत को सफलता मिली है। बता दें कि 5वीं की परीक्षा में 12 लाख से ज्यादा और 8वीं में 11 लाख से ज्यादा बच्चों ने परीक्षा दी थी। आज एमपी बोर्ड 10वीं और 12वीं का रिजल्ट (MP Board 10th 12th Result 2024) जारी करने वाला है।

07:49 (IST) 24 Apr 2024

ऑनलाइन कैसे देखें अपने नंबर?

एमपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। यहां आपको 10वीं और 12वीं के रिजल्ट की लिंक मिलेगी। जिस क्लास का रिजल्ट (MP Board Result 2024 Online) देखना हो उस पर क्लिक करें। इसके बाद रोल नंबर मांगा जाएगा। इसे भरने के बाद सबमिट करें। स्क्रीन पर आपका रिजल्ट आ जाएगा। यहां से आप अपना रिजल्ट डाउनलोड भी कर सकते हैं।

07:35 (IST) 24 Apr 2024

10वीं का पिछले साल कैसा था रिजल्ट?

एमपी बोर्ड की पिछले साल की 10वीं की बोर्ड परीक्षा में कुल 8 लाख 20 हजार 14 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 8 लाख 15 हजार 364 परीक्षा में शामिल हुए थे। पास होने वाले छात्रों की संख्या 5 लाख 15 हजार 955 रही थी। यानी पिछले साल एमपी बोर्ड की 10वीं का पास प्रतिशत 63.29 प्रतिशत था। इस साल की बोर्ड परीक्षा (MP Board 10th Result 2024) का रिजल्ट आज सामने आ जाएगा।

07:19 (IST) 24 Apr 2024

पिछले साल कैसा था 12वीं का परिणाम?

पिछले साल हुई एमपी बोर्ड की 12वीं की परीक्षा में 7 लाख 29 हजार 426 छात्र-छात्राओं ने रजिस्ट्रेशन करवाया था। इनमें से 7 लाख 27 हजार 44 ने परीक्षा दी थी। वहीं, रिजल्ट आने के बाद पास होने वाले छात्रों का प्रतिशत महज 55.28 रहा था। इस साल हुई 12वीं की बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट (MP Board 12th Result 2024) आज जारी होने वाला है।

07:10 (IST) 24 Apr 2024

इन वेबसाइट्स पर दिखेगा रिजल्ट

10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा देने वाले छात्र-छात्राओं का रिजल्ट (MP Board Result 2024 Direct Link) को लेकर इंतजार आज समाप्त हो जाएगा। बोर्ड की ओर से दोपहर बाद 4 बजे रिजल्ट जारी किए जाएंगे। बोर्ड ने उन आधिकारिक वेबसाइट्स के बारे में बताया है जहां छात्र रिजल्ट चेक कर सकेंगे। ये वेबसाइट mpbse.nic.in, mpresults.nic.in और mpbse.mponline.gov.in हैं।

06:50 (IST) 24 Apr 2024

कहां देख सकेंगे परिणाम?

एमपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा का रिजल्ट (MPBSE Result 2024) आज जारी होने वाला है। बोर्ड की ओर से एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी, जिसमें परिणामों का ऐलान किया जाएगा। घोषणा होते ही आधिकारिक वेबसाइट पर रिजल्ट की लिंक लाइव हो जाएगी। इस लिंक से छात्र अपना रिजल्ट देख सकेंगे और मार्कशीट डाउनलोड कर सकेंगे। इसके लिए रोल नंबर जरूरी होगा।

06:39 (IST) 24 Apr 2024

कब हुई थीं बोर्ड परीक्षाएं?

एमपी बोर्ड ने इस साल 10वीं की परीक्षाओं का आयोजन 5 फरवरी से 28 फरवरी के बीच करवाया था। वहीं, 12वीं की बोर्ड परीक्षा की शुरुआत 6 फरवरी से हुई थी और आखिरी परीक्षा 5 मार्च को थी। दोनों ही परीक्षाओं का रिजल्ट (MP Board 10th 12th Result 2024)) आज सामने आ जाएगा।

06:30 (IST) 24 Apr 2024

कितने बजे जारी होगा रिजल्ट?

मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से जारी आधिकारिक नोटिफिकेशन के अनुसार 10वीं और 12वीं कक्षा के परिणाम (MP Board Result 2024) गुरुवार को दोपहर बाद 4 बजे जारी किए जाएंगे। बता दें कि इस साल दोनों बोर्ड परीक्षाओं में कुल मिलाकर करीब 16 लाख छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे, जो रिजल्ट का इंतजार कर रहे थे। यह इंतजार आज समाप्त हो जाएगा।

MP Board 10th 12th Result 2024 Live : मध्य प्रदेश बोर्ड की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम आज यानी बुधवार को जारी हो गए। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (MPBSE) की ओर से रिजल्ट की घोषणा दोपहर बाद 4 बजे की गई। इस रिपोर्ट में जानिए रिजल्ट से जुड़े सभी लाइव अपडेट्स। छात्र रिजल्ट कहां चेक कर सकेंगे, कैसे चेक कर सकेंगे और अगर इसमें उन्हें कोई दिक्कत आती है तो क्या करना चाहिए, जैसे सभी सवालों के जवाब भी आपको यहां मिलेंगे। जुड़े रहिए न्यूज24 के साथ।

 

संबंधित खबरें

न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

Know More: Editorial Guidelines

लेख समाप्त

ताज़ा खबरें

Sponsored Links by Taboola