मध्य प्रदेश के इंदौर में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. जहां एक 24 साल की एमबीए छात्रा का क्षत-विक्षत शव उसके सहपाठी के किराए के घर में मिला है. उसकी गर्दन पर रस्सी के निशान पाए गए, इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसकी हत्या गला घोंटकर की गई है.
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, जिस वक्त हत्या हुई, उसी के आसपास छात्रा का अश्लील वीडियो उसी के फोन से कॉलेज के व्हॉट्सऐप ग्रुप में डाला गया था. वीडियो में छात्रा का चेहरा साफ दिख रहा था, लेकिन दूसरे व्यक्ति का चेहरा इमोजी से ढका हुआ था. पुलिस को शक है कि वीडियो में दूसरा व्यक्ति वही सहपाठी है, जिसके घर में शव मिला. वह उसका बॉयफ्रेंड भी था.
---विज्ञापन---
मंगलवार को छात्रा घरवालों को कहकर गई थी कि वह अपने सहपाठी पीयूष धनोटिया के साथ जन्मदिन की पार्टी में जा रही है. साथ ही कहा था कि वह रात 11 बजे तक लौट आएगी, लेकिन वह कभी वापस नहीं लौटी. उसी रात कॉलेज के व्हॉट्सऐप ग्रुप में वो वीडियो शेयर किया गया था. कॉलेज मैनेजमेंट ने वो वीडियो हटा दिया था और अगले दिन उसके पिता से संपर्क किया था.
---विज्ञापन---
फिर बुधवार देर रात गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई. घरवालों ने पुलिस पर आरोप लगाया कि उन्होंने उनकी शिकायत पर तुरंत कार्रवाई नहीं की.
शुक्रवार को 'अंकल गली' (जिसमें पीयूष धनोटिया रहता था) के लोगों ने उस घर से बदबू आने की शिकायत की. फिर पुलिस वहां पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी तो वहां छात्रा का निर्वस्त्र शव पड़ा था. शव इस हद तक सड़ चुका था कि पिता ने अपनी बेटी को केवल उसके मोजों से पहचाना.
गर्दन के चारों ओर रस्सी के निशान मिले. शुरुआती मेडिकल जांच में मौत का समय करीब तीन दिन पहले का बताया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि मंदसौर का रहने वाला धनोटिया हत्या का मुख्य संदिग्ध है और मंगलवार से लापता है.