बेंगलुरु में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने अपने बॉयफ्रेंड को घर बुलाया, वेस्टर्न स्टाइल में प्रपोज करने के बहाने उसकी आंखों पर पट्टी बांधकर उसे कुर्सी से बांध दिया, और फिर उसे आग लगा दी. पुलिस का कहना है कि इग्नोर किए जाने की वजह से युवती बॉयफ्रेंड से नाराज थी. उसने अपने बॉयफ्रेंड को आग लगाने की वारदात को कैमरे में कैद किया और उसे मरते हुए देखती रही.
अधिकारियों का कहना है कि 27 वर्षीय प्रेरणा और किरण, दोनों एक ही टेलीकॉम स्टोर पर काम करते थे. दोनों एक साल से ज्यादा समय से रिश्ते में थे. लेकिन हाल ही प्रेरणा को लगा कि किरण उस पर ज्यादा ध्यान नहीं दे रहा है और वह उससे शादी नहीं करेगा. प्रेरणा अपनी मां और भाई के साथ रहती है. मंगलवार को वह अपने घर पर अकेली थी. उसने किरण को दक्षिण बेंगलुरु के अंजनापुरा स्थित अपने घर बुलाया.
जब किरण उसके घर पहुंचा तो दोनों ने कुछ देर बात की. फिर महिला ने उसकी आंखों पर पट्टी बांध दी और उसे एक कुर्सी पर बैठा दिया. इसके बाद प्रेरणा ने किरण को बांधना शुरू कर दिया. जब उसने आपत्ति जताई, तो उसने कहा कि वह ऐसा इसलिए कर रही है क्योंकि वह उसे वेस्टर्न तरीके से प्रपोज करना चाहती है.
जब लड़के को पूरी तरह से बांध दिया गया तो वह प्रपोजल का इंतजार करने लगा. लेकिन प्रेरणा ने कुछ और ही सोचा हुआ था, उसने उसके ऊपर केरोसीन डालकर आग लगा दी.
पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ कर रही है.