आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में एक ऐसी वारदात हुई, जिसके बारे में जानकर किसी की भी रुह कांप जाएगी. एक कसाई ने पैसों के विवाद के चलते एक महिला को पहले मौत के घाट उतारा, फिर उसकी बॉडी के 9 टुकड़े कर दिए और बाकी बचे पार्ट्स को नहर में फेंक दिया. पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक महिला की पहचान कल्याणी के तौर पर हुई. शुरुआत में इब्राहिमपटनम में उनका शव मिला, लेकिन शिनाख्त नहीं हो पाई.
क्या है मामला?
सोशल मीडिया पर इस बारे में पोस्ट शेयर की गई, जिसके बाद हाथ पर बने टैटू के आधार पर कल्याणी के रिश्तेदारों ने उन्हें पहचाना. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, वो पुलिस के पास पहुंचे और कल्याणी की शिनाख्त की. पुलिस ने पहचान होते ही जांच को आगे बढ़ाया और भवानीपुरम के रहने वाले कसाई शफी तक पहुंची, जो मटन की एक छोटी सी दुकान चलाता है. पुलिस ने बताया कि शफी और कल्याणी रिलेशनशिप में थे, लेकिन पैसों को लेकर उनके बीच अनबन हो गई थी. सिर्फ इतना ही नहीं, कल्याणी के बेटे से जुड़े एक पुराने विवाद की वजह से भी उनके बीच दरार आ गई थी.
आगे की जांच जारी
जानकारी के मुताबिक, शफी 17 सितबंर को कल्याणी को भवानीपुरम में अपने घर ले गया. इस दौरान उनके बीच पैसों को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद शफी ने चाकू से उसपर हमला किया और गला दबाकर मार डाला. पुलिस का मानना है कि उसने कल्याणी के शरीर के 9 टुकड़े कर बाकी हिस्से नहर में बहा दिए और इस पूरी प्लानिंग में उसका साथ दिया मटन की दुकान पर काम करने वाले गुरुवुलु ने. पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया है और आगे की जांच कर रही है.