Railway Alert: त्योहारी सीजन में ट्रेनों में यात्रियों की संख्या दोगुनी हो जाती है। इस दौरान उनके साथ उनका सामान भी बहुत ज्यादा होता है। ट्रेन में बढ़ती भीड़ को देखते हुए ही रेलवे ने लगेज संबंधित नियमों का सख्ती से पालन करने के आदेश जारी किए हैं। रेलवे के आदेश में कहा गया कि यात्रियों के साथ सफर में बाल्टी, बॉक्स, ड्रम जैसा कोई भी बड़ा सामान नहीं होना चाहिए। रेलवे के इस फैसले का मकसद रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में भीड़ को कम करना है।
बड़े सामान के साथ कोई यात्री नहीं जाएगा अंदर
पश्चिम रेलवे ने ट्रेन में भारी और बड़ा सामान ले जाने पर पाबंदी लगाने का आदेश जारी किया है। रेलवे का कहना है कि दिवाली और छठ पूजा की वजह से यात्रियों की भारी भीड़ रहेगी। वहीं, जब यात्रियों के पास भारी सामान होगा तो ट्रेन में मौजूद दूसरे लोगों को भी सफर करने में परेशानी हो सकती है। दूसरी तरफ यात्रियों को नियंत्रित करना अभी भी मुश्किल हो रहा है। ऐसे में रेलवे ने अधिकारियों को आदेश दिए है वह देखें कि कोई भी यात्री बड़े और भारी सामान के साथ अंदर न आने पाए।
रेलवे ने टिकट चेकिंग स्टाफ समेत विशेष जांच दस्ते को स्टेशन के एंट्री गेट पर तैनात किया है। आपको बता दें कि भीड़ की वजह से ही रेलवे ने प्लेटफॉर्म टिकट बिक्री पर भी पाबंदी लगा दी है।
क्या सामान नहीं ले जा सकते?
सफर के दौरान ऐसी चीजें जो ज्यादा जगह घेरती हों, उनको ले जाने पर पाबंदी रहेगी। छठ पर घर जाने वाले यात्रियों का सफर काफी लंबा होता है। कई बार घर की जरूरत का सामान लोग अपने साथ ही ले जाते हैं। लेकिन इस बार यात्री उतना ही सामान ले जा सकेंगे जितना रेलवे ने तय किया है। इसमें बाल्टी, बॉक्स, ड्रम जैसा सामान नहीं ले जा सकते हैं। अगर स्कूटर और साइकिल जैसे सामान लेकर जाना चाहते हैं तो उसके लिए अलग से भुगतान करना होगा।