डबल फायदा: LIC की ये स्कीम है कमाल, ट्रेनिंग के साथ हर महीने मिलता है पैसा

LIC Scheme for Women: बीमा सेक्टर का हिस्सा बनने वाली महिलाओं के लिए LIC की एक खास स्कीम को अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। अब तक बड़ी संख्या में महिलाएं इसके लिए रजिस्ट्रेशन करा चुकी हैं।

LICBenifit

LIC Bima Sakhi Yojana: महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए सरकार कई तरह की योजनाएं चला रही है। इसी तरह की एक योजना की शुरुआत पिछले साल दिसंबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की थी, जो हिट साबित हुई है। हम बात कर रहे हैं ‘एलआईसी बीमा सखी’ योजना की। अब तक 50 हजार से अधिक महिलाएं इस योजना के तहत रजिस्ट्रेशन करा चुकी हैं। आइये जानते हैं कि योजना क्या है और इसका हिस्सा कैसे बना जाता है।

क्या है इसका उद्देश्य?

बीमा सेक्टर का लगातार विस्तार हो रहा है, ऐसे में यहां करियर की संभावना भी बढ़ रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए LIC बीमा सखी योजना की शुरुआत की गई है। यह स्कीम बीमा क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से लॉन्च की गई है। इससे जुड़कर महिलाएं LIC एजेंट बन सकती हैं और आर्थिक रूप से मजबूत हो सकती हैं।

कितने मिलते हैं पैसे?

योजना की सबसे खास बात यह है कि इससे जुड़ते ही महिलाओं की कमाई शुरू हो जाती है। पात्र महिलाओं को LIC एजेंट बनने के लिए तीन साल की ट्रेनिंग देती है। इस दौरान उन्हें हर महीने कुछ रुपये भी दिए जाते हैं। LIC की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के अनुसार, एलआईसी बीमा सखी योजना का हिस्सा बनने वालीं महिलाओं को पहले साल 7000 रुपये, दूसरे साल 6000 रुपये और तीसरे साल 5000 रुपये महीना स्टाइपेंड दिया जाता है।

क्या करना होता है?

‘एलआईसी बीमा सखी’ योजना के तहत महिलाओं को बीमा पॉलिसी बेचनी होती हैं। उन्हें LIC द्वारा निर्धारित सालाना टार्गेट पूरा करना होता है। पॉलिसी बेचने पर उन्हें कमीशन भी दिया जाता है। इस स्कीम के तहत अब तक 52511 रजिस्ट्रेशन हुए हैं और इनमें से 27695 महिलाओं को पॉलिसी बेचने के लिए नियुक्ति पत्र जारी किए गए हैं। 14583 बीमा सखियों ने पॉलिसी बेचना शुरू भी कर दिया है।

कौन बन सकता है हिस्सा?

18 से 70 साल के बीच की कोई भी 10वीं पास महिला इस योजना के लिए आवेदन कर सकती है। मौजूदा एजेंट या LIC कर्मचारी की रिश्तेदार इस योजना की पात्र नहीं होंगी। इसी तरह, LIC के सेवानिवृत्त कर्मचारी या पूर्व एजेंट भी इसका हिस्सा नहीं बन सकते।

कैसे कर सकते हैं आवेदन?

आवेदन ऑफलाइन यानी LIC के नजदीकी कार्यालय जाकर या ऑफिशियल वेबसाइट पर ऑनलाइन किया जा सकता है। आवेदन के साथ आपको दो लेटेस्ट पासपोर्ट साइज फोटो, एज प्रूफ, एड्रेस प्रूफ और 10वीं के सर्टिफिकेट की सेल्फ अटेस्टेड कॉपी लगानी होगी। इसके साथ बैंक अकाउंट की डिटेल भी देनी होगी।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ