Ration Card New Rules: अगर आप राशन दुकान पर अनाज लेने पहुंचे हैं और अचानक पता चले कि राशन कार्ड घर पर ही छूट गया है, तो पैनिक करने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. अब आपको खाली हाथ वापस नहीं लौटना पड़ेगा.
सरकार ने साफ कर दिया है कि अगर कोई भी पात्र लाभार्थी राशन कार्ड साथ लाना भूल जाता है, तब भी उसे उसका राशन मिलेगा. इसके लिए आपके पास केवल आपका आधार कार्ड या आधार नंबर होना चाहिए. वन नेशन वन राशन कार्ड (ONORC) योजना के तहत बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के जरिए आपको तुरंत अनाज जारी कर दिया जाएगा. आइए जानते हैं कि बिना राशन कार्ड के राशन पाने की पूरी प्रक्रिया क्या है.
राशन दुकान पर काम कैसे करेगा आधार कार्ड?
अक्सर जल्दबाजी में लोग राशन कार्ड ले जाना भूल जाते हैं. सरकार ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल (X) पर जानकारी शेयर करते हुए बताया है कि ऐसी स्थिति में लाभार्थी की पहचान Aadhaar के जरिए वेरिफाई की जाएगी.
वन नेशन वन राशन कार्ड सिस्टम के तहत देश के किसी भी हिस्से में आपका आधार आपकी पात्रता (Eligibility) की पुष्टि कर सकता है. राशन डीलर केवल यह सुनिश्चित करने के लिए आपका आधार चेक करता है कि आप योजना के तहत पंजीकृत लाभार्थी हैं या नहीं.
बिना राशन कार्ड के अनाज पाने का Step-by-Step प्रोसेस
राशन दुकान पर बिना कार्ड के राशन लेने की प्रक्रिया बेहद सरल है. राशन दुकान पर रखी ई-पॉश मशीन में आपका आधार नंबर दर्ज किया जाएगा. इसके बाद फिंगरप्रिंट (अंगूठे का निशान) या आइरिस (आंखों की पुतली) को स्कैन करके बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन किया जाता है. जैसे ही आपका डेटा सिस्टम में मैच हो जाता है, राशन डीलर आपको आपका तय राशन सौंप देगा.
आम लोगों के लिए इसके बड़े फायदे
दुकानों के चक्कर लगाने से मुक्ति: राशन कार्ड गुम होने या घर भूल जाने पर बार-बार घर के चक्कर लगाने की झंझट खत्म.
पारदर्शिता और सुरक्षा: आधार आधारित फिंगरप्रिंट सिस्टम की वजह से फर्जीवाड़े की कोई गुंजाइश नहीं रहती और आपका राशन किसी और को नहीं मिल सकता.
देश में कहीं भी राशन: ONORC की मदद से आप अपने गृहनगर के बाहर किसी अन्य शहर में भी इसी तरीके से राशन प्राप्त कर सकते हैं.