Budget 2026 Update: नए साल के साथ Budget 2026 का समय भी नजदीक आ रहा है. 1 फरवरी 2026 को बजट पेश किया जा सकता है. बजट (Budget 2026) से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज जाने-माने अर्थशास्त्रियों और सेक्टर के एक्सपर्ट्स से मुलाकात करेंगे. न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के अनुसार पीएम मोदी आने वाले बजट को लेकर अर्थशास्त्रियों के साथ कई मुद्दों और पहलुओं पर विचार करेंगे. यह मीटिंग सुबह 11 बजे होने वाली है. इस मीटिंग में एक्सपर्ट्स, मौजूदा आर्थिक स्थिति और भविष्य की प्राथमिकताओं पर अपने विचार शेयर करेंगे.
बता दें कि यह कदम बजट 2026 में अहम आर्थिक फैसलों से पहले सरकार की चल रही बातचीत का हिस्सा है. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को 2026 का केंद्रीय बजट पेश कर सकती हैं, जिसमें कई तरह के आर्थिक मुद्दों पर फोकस होने की उम्मीद है. अर्थशास्त्रियों और सेक्टर के एक्सपर्ट्स के अलावा, नीति आयोग के वाइस चेयरमैन सुमन बेरी, नीति आयोग के CEO बीवीआर सुब्रमण्यम और आयोग के दूसरे सदस्य भी इस मीटिंग में शामिल होंगे.
किन मुद्दों पर हो सकती है बात ?
इस बैठक में टैरिफ से लेकर विदेशी व्यापार नीतियों पर बात हो सकती है. इसके अलावा किसानों के लिए स्कीमों और योजनाओं पर भी बात हो सकती है. आत्मनिर्भरता हासिल करने के लिए सरकार एक्सपर्ट्स से सुझाव मांग सकती है और देश में ढांचागत बदलाव लाने के तरीकों पर भी बात कर सकती है. सरकार ने पहले यह कहा है कि वह देश को साल 2047 तक विकसित भारत बनाना चाहती है. ऐसे में इस ओर कदम बढ़ाने के लिए सरकार एक्सपर्ट्स से सलाह मांग सकती है.
इसके अलावा सरकार रोजगार, विदेशी इंवेस्टमेंट, स्किल डेवलपमेंट और एक्सपोर्ट बढ़ाने जैसे मुद्दों पर भी विचार कर सकती है.