आज 12 फरवरी 2026 को भारत बंद और बैंक हड़ताल की वजह से स्थिति थोड़ी मिली-जुली है. अगर आप इस बात को लेकर कंफ्यूज हैं कि आज बैंक खुलेंगे या बंद रहेंगे (Is Bank Open Today) तो आपको बता दें कि तकनीकी रूप से बैंक खुले हैं, लेकिन हड़ताल के कारण कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो सकता है. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के कैलेंडर के अनुसार आज कोई आधिकारिक छुट्टी नहीं है. बैंक की शाखाएं कानूनी तौर पर खुली रहेंगी.
हड़ताल का असर कहां दिखेगा?
प्रमुख बैंक यूनियनों (AIBEA, AIBOA, BEFI) के हड़ताल में शामिल होने की वजह से सरकारी बैंकों जैसे SBI, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा में स्टाफ की भारी कमी हो सकती है.
काउंटर सेवाएं: नकद जमा या निकासी (Cash transactions) के लिए आपको लंबी लाइनों का सामना करना पड़ सकता है.
चेक क्लीयरेंस: आज चेक से जुड़ा काम अटक सकता है या उसमें देरी हो सकती है.
लोन और अन्य काम: बैंक शाखाओं में कागजी काम (जैसे लोन प्रोसेसिंग) काफी धीमा रहने की उम्मीद है.
कौन सी सेवाएं सामान्य रहेंगी?
डिजिटल बैंकिंग पर हड़ताल का कोई असर नहीं पड़ेगा:
ATM: एटीएम में कैश उपलब्ध रहेगा. हालांकि रिफिलिंग में देरी हो सकती है.
डिजिटल पेमेंट: UPI जैसे PhonePe, Google Pay, नेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग ऐप पहले की तरह काम करते रहेंगे.
प्राइवेट बैंक: निजी क्षेत्र के बैंकों (जैसे HDFC, ICICI, Axis) में कामकाज काफी हद तक सामान्य रहने की संभावना है.
भारत बंद का अन्य असर
क्योंकि ट्रेड यूनियनों और किसान संगठनों (SKM) ने मिलकर भारत बंद बुलाया है, इसलिए रोडवेज की बसें और ट्रकों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है, विशेषकर केरल, ओडिशा और पंजाब जैसे राज्यों में. कुछ इलाकों में स्थानीय बाजार बंद रह सकते हैं.
अगर आपको आज बहुत जरूरी काम से बैंक जाना ही है, तो एक बार फोन करके शाखा की स्थिति जान लेना बेहतर होगा. डिजिटल माध्यमों का ही उपयोग करें.