कार चलाते समय गियर बदलना ड्राइविंग का सामन्य हिस्सा है, लेकिन एक छोटी सी गलती गाड़ी के गिरयबॉक्स पर भारी पड़ सकती है. सोचिए, कार आगे की तरफ चल रही है और गलती से गियर लीवर Reverse यानी R पर चला जाए. ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय यह समझना जरूरी है कि कार के साथ क्या हो सकता है. इसका असर कार के Manual या Automatic पर निर्भर करता है. आजकल कई कारों में ऐसे सेफ्टी सिस्टमभी मिलते हैं, जो चलते समय रिवर्स गियर को सक्रिय होने से रोकते हैं। फिर भी चलती कार में रिवर्स लगाने की कोशिश करना सही नहीं है.
चलती कार में रिवर्स लगाने पर क्या होता है?
जब कार आगे बढ़ रही होती है, तब गियरबॉक्स के अंदर कई हिस्से घूम रहे होते हैं. ऐसे में अचानक रिवर्स गियर लगाने की कोशिश करने पर ट्रांसमिशन सिस्टम पर दबाव पड़ सकता है. कुछ कारों में सिस्टम रिवर्स गियर को एक्टिव नहीं होने देता, जबकि कुछ मामलों में गियरबॉक्स से आवाज या झटका महसूस हो सकता है. इसलिए रिवर्स गियर हमेशा कार को पूरी तरह रोकने के बाद ही लगाना चाहिए.
Manual कार में क्या होगा?
मैनुअल कार में रिवर्स गियर आमतौर पर कार के पूरी तरह रुकने के बाद लगाया जाता है.अगर कार आगे चल रही हो और ड्राइवर रिवर्स गियर लगाने की कोशिश करे, तो गियर आसानी से नहीं लगेगा. इस दौरान गियरबॉक्स से घिसने या खटखटाने जैसी आवाज आ सकती है.
जबरदस्ती गियर लगाने से हो सकता है नुकसान
अगर ड्राइव रिवर्स गियर में जबरदस्ती लगाने की कोशिश करता है तो गियर के दांत और ट्रांसमिशन के दूसर हिस्सों को नुकसान पहुंच सकता है. कुछ स्थितियों में कार को अचानक झटका भी लग सकता है. गियरबॉक्स क पार्ट्स खराब होने पर इसकी मरम्मत का खर्च भी काफी बढ़ सकता है.
Automatic कार में क्या होता है?
ऑटोमैटिक कारों में इलेक्ट्रॉनिक कंट्रोल सिस्टम और सेंसर मौजूद होते हैं. कई मॉडर्न कारों में ये सिस्टम कार की स्पीड को पहचान सकते हैं और चलते समय रिवर्स को सक्रिय होने से रोक देते हैं. यानी गाड़ी आगे बढ़ रही हो और आप गियर लीवर को R पर कर दें, तो जरूरी नहीं कि कार तुरंत रिवर्स मोड में चली जाए.
हर Automatic कार का सिस्टम एक जैसा नहीं
यह मान लेना सही नहीं है कि हर ऑटोमैटिक कार में रिवर्स गियर को लेकर एक जैसी सेफ्टी सिस्टम होता है. अगर किसी कार की सुरक्षा व्यवस्था काम नहीं करती या गियरबॉक्स में पहले से कोई खराबी है, तो चलते समय रिवर्स लगाने की कोशिश ट्रांसमिशन को नुकसान पहुंचा सकती है. इसलिए ऑटोमैटिक कार में भी इस तरह का प्रयोग नहीं करना चाहिए.
क्या Reverse Gear से चलती कार रोक सकते हैं?
आगे चल रही कार को रोकने के लिए कभी भी रिवर्स गियर का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए. इससे कार सुरक्षित तरीके से नहीं रुकेगी और गियरबॉक्स पर बेवजह दबाव पडे़गा. अगर कार रोकनी है तो एक्सेलरेटरे से पैर हटाएं और ब्रेक का इस्तेमाल करें कार पूरी तरह रुकने के बाद ही गियर को R पर डालें.
गलती से रिवर्स गियर लग जाए तो क्या करें?
अगर ड्राइविंग के दौरान गलती से गियर लीवर R पर चला जाए तो घबराने की जरूरत नहीं है. गियर को जबरदस्ती खींचने या आगे-पीछे करने की कोशिश न करें. सड़क और ट्रैफिक पर ध्यान रखते हुए कार को धीरे-धीरे सुरक्षित तरीके से धीमा करें और पूरी तरह रोकें.
अगर ऐसी स्थिति के बाद गाड़ी से तेज घिसने की आवाज आए, अचानक झटका लगे, कोई चेतावनी लाइट दिखाई दे या गियर बदलने में परेशानी होने लगे, तो इसे नजरअंदाज न करें. ऐसी स्थिति में कार को किसी सर्विस सेंटर पर दिखाकर गियरबॉक्स और ट्रांसमिशन सिस्टम की जांच करवाना बेहतर है.