Maruti Suzuki ने अपनी पॉपुलर 7-सीटर कार Ertiga की कीमत में एक बार फिर बढ़ोतरी की है. कंपनी ने इसके ZXi+ पेट्रोल मैनुअल और ऑटोमेटिक वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत में 10,000 रुपये का इजाफा किया है. बाकी वेरिएंट्स की कीमत पहले जैसी ही है. Ertiga अपनी ज्यादा स्पेस, बेहतर माइलेज और भरोसेमंद परफॉर्मेंस के चलते लंबे समय से भारतीय परिवारों के साथ-साथ कमर्शियल इस्तेमाल के लिए भी पसंद की जाती है. कीमत बढ़ने के बाद भी यह अपने सेगमेंट में एक किफायती 7-सीटर विकल्प बनी हुई है.
ZXi+ वेरिएंट अब 10 हजार रुपये महंगा
Maruti Ertiga के ZXi+ पेट्रोल मैनुअल वेरिएंट की कीमत अब 11.79 लाख रुपये हो गई है. पहले इसकी एक्स-शोरूम कीमत 11.69 लाख रुपये थी. वहीं, ZXi+ ऑटोमेटिक वेरिएंट की कीमत 13.04 लाख रुपये से बढ़कर 13.14 लाख रुपये हो गई है. यानी दोनों वेरिएंट्स पर ग्राहकों को अब 10,000 रुपये ज्यादा खर्च करने होंगे. बाकी वेरिएंट्स की कीमत में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है.
8.90 लाख रुपये से शुरू होती है Ertiga
इस कीमत संशोधन के बाद Maruti Suzuki Ertiga की एक्स-शोरूम कीमत 8.90 लाख रुपये से शुरू होकर 13.14 लाख रुपये तक जाती है. कंपनी की यह 7-सीटर MPV लंबे समय से परिवारों के बीच लोकप्रिय है. पिछले महीने इसकी करीब 16,911 यूनिट्स की बिक्री हुई थी. कीमतों में पहले भी बढ़ोतरी के बावजूद इसकी मांग बनी हुई है.
डुअल-टोन इंटीरियर और 209 लीटर का बूट स्पेस
Ertiga के केबिन में डुअल-टोन थीम के साथ मेटैलिक टीक-वुडन फिनिश वाला डैशबोर्ड और डोर ट्रिम्स दिए गए हैं. इसमें प्लश फैब्रिक सीट्स मिलती हैं. सेकेंड रो की सीटों को स्लाइड और रिक्लाइन किया जा सकता है, जबकि थर्ड रो में 50:50 स्प्लिट सीटिंग दी गई है. तीनों रो इस्तेमाल करने पर कार में 209 लीटर का बूट स्पेस मिलता है.
7-इंच टचस्क्रीन समेत मिलते हैं ये फीचर्स
फीचर्स की बात करें तो Ertiga में 7-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है, जो वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay को सपोर्ट करता है. इसमें ऑटोमैटिक AC, रियर AC वेंट्स, ऑटो हेडलैम्प्स और Arkamys साउंड सिस्टम जैसे फीचर्स भी हैं. टॉप वेरिएंट में क्रूज कंट्रोल दिया गया है. कार में Smart Hybrid Technology भी मिलती है, जिसमें Idle Start-Stop और ब्रेक एनर्जी रिजनरेशन जैसे फीचर्स शामिल हैं.
6 एयरबैग्स समेत मिलते हैं कई सेफ्टी फीचर्स
सेफ्टी के मामले में Ertiga में 6 एयरबैग्स स्टैंडर्ड दिए गए हैं. इसके अलावा ABS के साथ EBD, ESP, हिल होल्ड असिस्ट, ISOFIX माउंट्स, रियर पार्किंग सेंसर और कैमरा के साथ सीटबेल्ट रिमाइंडर जैसे फीचर्स मिलते हैं. यह कार Maruti Suzuki के Heartect प्लेटफॉर्म पर तैयार की गई है.
पेट्रोल और CNG दोनों का मिलता है विकल्प
Maruti Ertiga में 1.5-लीटर K15C Smart Hybrid पेट्रोल इंजन दिया गया है. यह इंजन 101.64 bhp की पावर और 136.8 Nm का टॉर्क जनरेट करता है. ट्रांसमिशन के लिए 5-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक का विकल्प मिलता है. इसके अलावा, ग्राहकों के लिए CNG वेरिएंट भी उपलब्ध है.