Hyundai की नई SUV Bayon भारतीय बाजार में दस्तक देने के लिए तैयार है. कंपनी इसे Venue और Creta के बीच रखेगी. यानी कीमत और सेगमेंट के हिसाब से यह Creta से नीचे होगी, लेकिन फीचर्स के मामले में Hyundai ने इसमें कई ऐसी चीजें दी हैं, जो आमतौर पर बड़ी SUV में देखने को मिलती हैं. खास बात यह है कि Bayon में कुछ टेक्नोलॉजी और फीचर्स ऐसे हैं, जो मौजूदा Creta में भी नहीं मिलते. यही वजह है कि लॉन्च से पहले ही इस SUV की काफी चर्चा हो रही है.
कब लॉन्च होगी Hyundai Bayon?
Hyundai Bayon को भारतीय बाजार में 26 अक्टूबर 2026 को लॉन्च किया जाएगा. इसकी बुकिंग पहले ही शुरू हो चुकी है और ग्राहक 11,000 रुपये देकर इसे बुक कर सकते हैं. कंपनी की यह नई SUV Hyundai Venue से ऊपर और Creta से नीचे पोजीशन की जाएगी. इसकी अनुमानित एक्स-शोरूम कीमत 9.79 लाख रुपये से 15.49 लाख रुपये के बीच हो सकती है.
कैसा होगा डिस्प्ले सेटअप
Bayon के केबिन की सबसे खास चीज इसका कर्व्ड स्क्रीन सेटअप है. इसमें दो 12.3-इंच की स्क्रीन एक साथ जुड़ी हुई हैं. इनमें से एक डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और दूसरी टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम के लिए है. दोनों स्क्रीन मिलकर कर्व्ड पैनोरमिक डिस्प्ले जैसा लुक देती हैं.
इसके मुकाबले Hyundai Creta में 10.25-इंच के डिस्प्ले मिलते हैं. Creta में इस तरह का कर्व्ड स्क्रीन अरेंजमेंट भी नहीं दिया गया है. इस लिहाज से Bayon का कॉकपिट ज्यादा मॉडर्न और टेक्नोलॉजी से लैस नजर आता है.
AI से लैस होगा Bayon का वॉयस असिस्टेंट
Hyundai ने Bayon में AI से जुड़ी टेक्नोलॉजी पर भी खास ध्यान दिया है. इसमें कंपनी का पहला ब्रांड-स्पेसिफिक Generative AI Voice Assistant दिया गया है. इसमें Perplexity और SoundHound AI की टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है.
इसके अलावा SUV में Bluelink कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी भी मिलेगी. इसमें 70 से ज्यादा कनेक्टेड फीचर्स दिए गए हैं. इसका मतलब है कि यूजर कार से जुड़ी कई जानकारी और सुविधाओं को कनेक्टेड सिस्टम के जरिए एक्सेस कर सकेगा.
19 कंट्रोलर्स में मिलेंगे OTA अपडेट
Bayon में C-OTA यानी Connected Over-the-Air अपडेट का सपोर्ट भी दिया गया है. इसके जरिए कार के 19 तक कंट्रोलर्स में सॉफ्टवेयर अपडेट किए जा सकते हैं. इसके लिए हर बार कार को सर्विस सेंटर ले जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. यह फीचर SUV को लंबे समय तक अपडेटेड रखने में मदद कर सकता है. आज के समय में कारों में सॉफ्टवेयर की भूमिका लगातार बढ़ रही है और Hyundai ने Bayon में इसी दिशा में कदम उठाया है.
Level 2 ADAS से लैस होगी SUV
सेफ्टी की मामले में भी Bayon को काफी फीचर्स के साथ उतारा जा रहा है. SUV को ग्लोबल के इनहांस्ड प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है और इसमें 35 स्टैंडर्ड सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं. इसके अलावा इसमें Level 2 Pro ADAS भी मिलगा. इसमें कुल 23 ADAS फंक्शन दिए गए हैं, जिन्हें 3 रडार और 12 पार्किंग सेंसर सपोर्ट करते हैं. SUV में 6 एयरबैग, ब्लाइंड स्पॉट कोलिजन वार्निंग और सराउंड-व्यू मॉनिटर जैसे फीचर्स भी मिलेंगे.
1.5 लीटर पेट्रोल इंजन मिलेगा
Hyundai Bayon में 1.5-लीटर, 4-सिलेंडर नेचुरली एस्पिरेटेड MPi पेट्रोल इंजन दिया जाएगा. यह इंजन 115 PS की पावर और 144 Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है. ट्रांसमिशन की बात करें तो इसमें 6-स्पीड मैनुअल और IVT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प मिलेगा. SUV में फ्रंट-व्हील ड्राइव सिस्टम दिया गया है.
कितने कलर ऑप्शन में आएगी Bayon?
Hyundai Bayon को ग्राहकों के लिए 10 कलर ऑप्शन में पेश किया जाएगा. इसमें सिंगल-टोन, डुअल-टोन और मैट कलर के विकल्प शामिल होंगे. इससे ग्राहक अपनी पसंद के हिसाब से SUV का एक्सटीरियर चुन सकेंगे.
Bayon की पोजीशन भले ही Creta से नीचे होगी, लेकिन इसके फीचर्स इसे अलग पहचान देते हैं. अब 26 अक्टूबर को लॉन्च के बाद इसकी आधिकारिक कीमत सामने आएगी, जिसके बाद यह साफ होगा कि Hyundai इसे Creta और Venue के बीच किस तरह की कीमत पर उतारती है.