नई कार खरीदते समय डीलरशिप पर अक्सर आपको कई तरह के एक्स्ट्रा पैकेज लेने की सलाह दी जाती है. इनमें एंटी-रस्ट कोटिंग भी शामिल है. कई लोग इसे कार की लंबी उम्र के लिए जरूरी मानकर तुरंत करा लेते हैं. लेकिन हर नई कार में इसकी जरूरत नहीं होती है. आजकल ज्यादातर कारों में कंपनी की ओर से ही अंडरबाॉडी को जंग से बचाने के लिए जरूरी सुरक्षा दी जाती है. यहां जान लेते हैं कि कब कार में इसे लगाना सही रहता है और कब इसकी ज्यादा जरूरत नहीं होती.
क्या होती है एंटी-रस्ट कोटिंग?
एंटी-रस्ट कोटिंग कार की चेसिस और अंडरबॉडी पर लगाई जाने वाली एक सुरक्षा लेयर होती है. इसका काम कार के मेटल वाले हिस्सों को पानी, नमी और सड़क से आने वाले कचरे के सीधे संपर्क से बचाना है. इससे अंडरबॉडी में जंग लगने का खतरा कम होता है. हालांकि आजकल कार कंपनियां कार बनाने के समय ही अंडरबॉडी को जंग से बचाने के लिए गैल्वनाइज्ड स्टील और फैक्ट्री-फिटेड एंटी-रस्ट सुरक्षा देती हैं. ज्यादातर नई कारें बिना किसी एक्स्ट्रा कोटिंग के 5 से 10 साल जंग से सुरक्षित रह सकती है.
---विज्ञापन---
किन इलाकों में एंटी-रस्ट कोटिंग की जरूरत हो सकती है?
अगर आप गोवा, चेन्नई या मुंबई जैसे समुद्र के आसपास के इलाके में रहते हैं तो आपकी कार को हवा में मौजूद नमी और नमक का ज्यादा सामना करना पड़ता है. ऐसे वातावरण में अंडरबॉडी पर जंग लगने का खतरा बढञ सकता है, इसलिए एंटी रस्ट कोटिंग काम आ सकती है. इसके अलावा जिन जगहों पर बारिश के मौसम में सड़कों पर पानी और कीचड़ जमा रहता है, वहां भी अंडरबॉडी को अतिरिक्त सुरक्षा देने के बारे में सोचा जा सकता है. अगर आपकी कार 5-6 साल पुरानी हो चुकी है और उसकी फैक्ट्री कोटिंग घिस गई है, तो भी एंटी-रस्ट कोटिंग एक विकल्प हो सकती है.
ये भी पढ़ें- बारिश के मौसम में कार के मैट के नीचे अखबार क्यों बिछाते हैं? जानें क्या होता है फायदा
---विज्ञापन---
कब एंटी-रस्ट कोटिंग कराना फिजूलखर्ची बन सकता है?
अगर आप मध्य भारत जैसे ऐसे इलाके में रहते हैं जहां मौसम ज्यादातर सूखा और सामान्य रहता है तो नई कार पर तुरंत एंटी रस्ट कोटिंग कराने की जरूरत नहीं होती है. ऐसे में डीलर या सर्विस सेंटर के कहने पर अतिरिक्त पैकेज लेना बेवजह का खर्च बन सकता है. नई कार की फैक्ट्री से मिली सुरक्षा आम इस्तेमाल के लिए काफी होती है. फिर आपको अगर ज्यादा सुरक्षा चाहिए तो आप इसे करवा सकते हैं.
क्या गलत तरीके से की गई कोटिंग नुकसान पहुंचा सकती है?
हां, एंटी-रस्ट कोटिंग कराने से पहले कार के निचले हिस्से को अच्छी तरह धोकर पूरी तरह सुखाना जरूरी है. अगर अंडरबॉडी में नमी रह गई और उसके ऊपर कोटिंग कर दी गई तो पानी अंदर फंस सकता है. ऐसी स्थिति में जंग रुकने के बजाय तेजी से बढ़ सकती है. इसलिए सिर्फ कोटिंग कारने के नाम पर जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए और काम की गुणवत्ता पर भी ध्यान देना जरूरी है.
---विज्ञापन---
नई कार पर कोटिंग कराने से पहले क्या देखना चाहिए?
नई कार खरीदते समय सबसे पहले यह पता करें कि कंपनी ने अंडरबॉडी को किस तरह की फैक्ट्री सुरक्षा दी है. अगर कार सामान्य और सूखे इलाके में चलनी है तो तुरंत अतिरिक्त कोटिंग कराने की जरूरत नहीं हो सकती. वहीं, समुद्र के पास रहने, ज्यादा बारिश या जलभराव वाले इलाके में कार चलाने की स्थिति अलग हो सकती है. इसलिए सर्विस सेंटर के दबाव में आकर पैकेज लेने के बजाय अपनी जरूरत और कार के इस्तेमाल के हिसाब से फैसला करना बेहतर है.
ये भी पढ़ें- कार में बाहर से CNG किट लगवाना कितना सही? जानें फायदे, नुकसान और इसके जरूरी नियम
---विज्ञापन---