कार के साइलेंसर से निकलने वाला धुआं देखकर ज्यादातर लोग इसे सामान्य मानकर आगे बढ़ जाते हैं. लेकिन अगर धुआं लगातार निकल रहा है या उसका रंग बदल गया है तो इसे हल्के में लेना भारी पड़ सकता है. कई बार चेक इंजन लाइट जलने से पहले ही एग्जॉस्ट का धुआं इंजन की परेशानी का संकेत देने लगता है. धुएं का रंग देखकर शुरुआती तौर पर यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि दिक्कत कूलेंट, इंजन ऑयल, फ्यूल सिस्टम या टर्बो से जुड़ी है. समय रहते इसकी जांच करा ली जाए तो बड़ी खराबी और महंगे रिपेयर से बचा जा सकता है.
सफेद धुआं दिखे तो कूलेंट की जांच कराएं
अगर कार के एग्जॉस्ट से लगातार और काफी घना सेफद धुआं निकल रहा है तो हो सकता है कि इंजन के अंदर कूलेंट पहुंच रहा हो. खराब हेड गैसकेट, सिलेंडर हेड में क्रैक या इंजन के किसी अंदरूनी हिस्से में कूलेंट लीक होना इसकी वजह हो सकती है. ऐसी स्थिति में इंजन जरूरत से ज्यादा गर्म हो सकता है और लंबे समय तक कार चलाने पर गंभीर नुकसान हो सकता है. हालांकि, ठंडे मौसम में कार स्टार्ट करने के बाद कुछ समय तक हल्की सफेद भाप निकलना सामान्य है. परेशानी तब मानी जाती है जब इंजन गर्म होने के बाद भी सफेद धुआं लगातार निकलता रहे.
---विज्ञापन---
नीला धुआं मतलब इंजन ऑयल जलने की आशंका
अगर एग्जॉस्ट से नीला या नीले घूसर रंग का धुआं निकल रहा है, तो यह इंजन ऑयल के जलने का संकेत हो सकता है. पिस्टन रिंग्स के घिसने, वाल्व सील खराब होने या टर्बोचार्जर से ऑयल लीक होने जैसी वजहों से ऐसा हो सकता है. इस समस्या के साथ इंजन ऑयल की खपत भई बढ़ सकती है अगर आपको बार-बार इंजन ऑयल टॉप-अप करना पड़ रहा है और साथ में नीला धुआं भी दिख रहा है तो कार की जांच जल्द करवानी चाहिए. इसे लंबे समय तक नजरअंदाज करने से इंजन के अंदर के पार्ट्स को नुकसान पहुंच सकता है.
काला धुआं बता सकता है फ्यूल ज्यादा जल रहा है
काला धुआं आमतौर पर पेट्रोल या डीजल इंजन में फ्यूल और हवा के सही अनुपात में गड़बड़ी की तरफ इशारा करता है. जब इंजन में जरूरत से ज्यादा फ्यूल और कम हवा पहुंचती है तो काला धुआं निकल सकता है. खराब फ्यूल इंजेक्टर, MAF सेंसर में गड़बड़ी या बहुत ज्यादा गंदा एयर फिल्टर इसके संभावित कारण हो सकते हैं. इसका असर कार के माइलेज पर भी पड़ता है। गाड़ी ज्यादा ईंधन लेने लगती है और इंजन की परफॉर्मेंस भी पहले जैसी नहीं रहती.
---विज्ञापन---
ये भी पढ़ें- ट्रैफिक चालान नहीं भरा तो क्या होगा? कोर्ट से लेकर लाइसेंस और RC तक पड़ सकता है असर, जानें नियम
ग्रे धुआं कई तरह की परेशानी का संकेत हो सकता है
ग्रे कलर का धुआं थोड़ा मुश्किल संकेत हैं क्योंकि इसके पीछे एक से ज्यादा वजह हो सकताी है. PCV वाल्व में खराबी, इंजन ऑयल का जलना, टर्बोचार्जर की समस्या या किसी फ्लूइड का लीक होना इसकी वजह बन सकता है. इसलिए केवल धुएं का रंग देखकर खुद से किसी एक पार्ट को खराब मान लेना सही नहीं होगा. सही कारण पता करने के लिए कार की जांच मैकेनिक से करवाना बेहतर है.
---विज्ञापन---
धुएं के साथ इन संकेतों को भी न करें नजरअंदाज
अगर एग्जॉस्ट से निकलने वाला धुआं लगातार बढ़ रहा है तो कार की जांच जरूर करवानी चाहिए. इसके साथ इंजन का ज्यादा गर्म होना, कार का कांपना, पावर कम होना, इंजन से अजीब आवाज आना या पेट्रोल-डीजल की तेज गंध जैसे संकेत भी परेशानी की ओर इशारा कर सकते हैं. इन लक्षणों को नजरअंदाज करने से छोटी समस्या आगे चलकर बड़ी खराबी में बदल सकती है.
ज्यादा धुआं हो तो कार चलाने से बचें
अगर कार से बहुत ज्यादा या लगातर धुआं निकल रहा है तो सुरक्षित जगह पर गाड़ी रोकना बेहतर है. जरूरत हो तो इंजन ऑयल और कूलेंट का स्तर भी चेक किया जा सकता है. अगर समस्या गंभीर लग रही है तो कार को आगे चलाने के बजाय मैकेनिक की मदद लें. समय रहते छोटी खराबी पकड़ लेना अक्सर इंजन फेलियर और भारी रिपेयर बिल से बचा सकता है.
---विज्ञापन---
ये भी पढ़ें- क्या निजी कार में पीली नंबर प्लेट के बिना टैक्सी चला सकते हैं, क्या है नियम?
---विज्ञापन---