स्कूटर चलाते समय ट्रैफिक में रुकना हो या पार्किंग करनी हो, राइडर को अक्सर पैर जमीन पर टिकाने पड़ते हैं. वहीं, टू-व्हीलर चलाते समय हेलमेंट पहनना भी सुरक्षा के लिहाज से जरूरी है. लेकिन सोचिए, अगर कोई ऐसा स्कूटर हो जो रुकने पर खुद अपना बैलेंस बना ले और जिसके चारों तरफ कार के जैसे सुरक्षा इंतजाम हो, तो कैसा रहेगा? BMW Motorrad ने भारत में अपने ऐसे ही अनोखे इलेक्ट्रिक स्कूटर BMW Vision CE का डिजाइन पेटेंट कराया है. इस स्कूटर में सेल्फ-बैलेंसिंग सिस्टम के साथ स्टील सेफ्टी केज और सीटबेल्ट जैसे फीचर्स दिए गए हैं.
अपने आप बैलेंस बनाएगा BMW Vision CE
BMW Vision CE की सबसे खास बात इसका सेल्फ-बैलेंसिंग सिस्टम है. इसमें एडवांस सेंसर और इलेक्ट्रिक एक्ट्यूएटर्स दिए गए हैं, जो स्कूटर को संतुलित रखने में मदद करते हैं. इसकी मदद से ट्रैफिक में रुकने या दोबारा चलने के दौरान राइडर को बार-बार पैर जमीन पर रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी. हालांकि, इस सिस्टम की वास्तविक क्षमता और इस्तेमाल से जुड़ी पूरी जानकारी कंपनी ने अभी साझा नहीं की है.
पार्किंग के लिए भी दिया गया है स्टैंड
स्कूटर में सेल्फ-बैलेंसिंग सिस्टम होने के बावजूद पार्किंग के लिए मैन्युअल स्टैंड दिया गया है. जब स्कूटर लंबे समय तक खड़ा रखना हो या उसे बंद करना हो, तब इस स्टैंड का इस्तेमाल किया जा सकता है. वहीं, इग्निशन ऑन होने पर स्टैंड अपने आप डिसएंगेज हो जाता है. इससे स्कूटर चलाते समय स्टैंड को अलग से हटाने की जरूरत नहीं पड़ती.
कार जैसी सेफ्टी के साथ आएगा इलेक्ट्रिक स्कूटर
BMW Vision CE को दूसरे इलेक्ट्रिक स्कूटर्स से अलग बनाया गाय है. इसमें राइडर की सुरक्षा के लिए चारों तरफ मजबूत ट्यूबलर स्टील केज दिया गया है. ये हादसे या स्कूटर गिरने की स्थिति में सिर, पैर, कंधे और कूल्हों को सुरक्षा देने के लिए डिजाइन किया गाय है. इसके अलावा, इसमें कार की तरह 4-पॉइट सीटबेल्ट भी दी गई है, जो राइडर को सीट पर सुरक्षित रखने में मदद करती है.
फोम कुशनिंग और रडार भी मिलेंगे
स्कूटर में स्टील केज के साथ बैकरेस्ट और हैंडलबार पर फोम कुशनिंग भी दी गई है. इससे राइडर को एक्स्ट्रा सपोर्ट मिल सकता है. इसके अलावा, इसमें रियर-फेसिंग रडार और ड्राइवर-असिस्टेंस इलेक्ट्रॉनिक्स दिए गए हैं, जो पीछे से आने वाले वाहनों या संभावित खतरे का पता लगाने में मदद कर सकते हैं. हालांक इन फीचर्स की पूरी कार्यप्रणाली और क्षमता को लेकर कंपनी ने अभी विस्तृत जानकारी नहीं दी है.
क्या बिना हेलमेट चला सकेंगे यह स्कूटर?
BMW Vision CE का डिजाइन पारंपरिक स्कूटरों से अलग है. इसमें स्टील सेफ्टी केज और 4-पॉइंट सीटबेल्ट जैसे फीचर्स दिए गए हैं, जिससे यह कार जैसी सुरक्षा देने की कोशिश करता है. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि भारत में इसे चलाते समय हेलमेट पहनने की जरूरत नहीं होगी. हेलमेट पहनने के नियम लागू कानूनों पर निर्भर करते हैं. कंपनी ने भी अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि इस स्कूटर को भारत में किस श्रेणी में रखा जाएगा और इसके लिए कौन से सुरक्षा नियम लागू होंगे.
BMW CE 04 जैसा हो सकता है बैटरी और मोटर सेटअप
BMW ने अभी Vision CE के बैटरी पैक, मोटर, पावर और रेंज की जानकारी नहीं दी है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह कंपनी के CE 04 इलेक्ट्रिक स्कूटर के प्लेटफॉर्म पर आधारित हो सकता है. BMW CE 04 में 8.5 kWh का बैटरी पैक मिलता है, जो 130 किलोमीटर तक की रेंज देता है. इसकी इलेक्ट्रिक मोटर 42 hp की पावर और 62 Nm का टॉर्क जनरेट करती है. इस स्कूटर की टॉप स्पीड 120 kmph है.
हालांकि, Vision CE में सेफ्टी केज और दूसरे सुरक्षा उपकरणों की वजह से वजन बढ़ सकता है. ऐसे में इसके बैटरी पैक, मोटर और रेंज में बदलाव देखने को मिल सकते हैं. फिलहाल इन संभावित बदलावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
भारत में कब लॉन्च होगा BMW Vision CE?
BMW Motorrad ने भारत समेत कई देशों में Vision CE का डिजाइन पेटेंट कराया है. लेकिन पेटेंट मिलने का मतलब यह नहीं है कि स्कूटर का प्रोडक्शन या लॉन्च तय हो गया है. कंपनी ने अभी इसकी लॉन्च डेट, कीमत या बिक्री की योजना का खुलासा नहीं किया है. ऐसे में यह देखना होगा कि BMW इस अनोखे इलेक्ट्रिक स्कूटर को बाजार में उतारती है या फिलहाल इसे एक कॉन्सेप्ट के तौर पर ही रखती है.