Numerology Personality Traits: अंक ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, जन्म तिथि से निकला मूलांक जीवन के कई छिपे पहलुओं को सामने लाता है. यह व्यक्ति के स्वभाव, सोच और जीवन की दिशा को गहराई से प्रभावित करता है. कुछ मूलांक जल्दी सफलता दिलाते हैं, तो कुछ में संघर्ष अधिक होता है. यहां चर्चा की गई है मूलांक 8 की, जिन लोगों का जन्म किसी भी महीने की 8, 17 या 26 तारीख को हुआ है, उनका मूलांक 8 माना जाता है. आइए जानते हैं, इस मूलांक के स्वामी ग्रह कौन हैं और ये लोग कैसे होते हैं?
दिखावे से रहते हैं दूर
मूलांक 8 के स्वामी शनि देव होते हैं. शनि को कर्म और अनुशासन का ग्रह माना जाता है. इसी कारण मूलांक 8 वाले लोगों का जीवन आसान नहीं होता है. इन्हें हर सफलता मेहनत से हासिल करनी पड़ती है. शनि का प्रभाव इन्हें गंभीर, अनुशासित और जिम्मेदार बनाता है. ये लोग दिखावे से दूर रहते हैं और अपने काम पर अधिक ध्यान देते हैं.
कम बोलते हैं और ज्यादा सोचते हैं
मूलांक 8 वाले लोग देखने में सामान्य होते हैं. इनकी चाल और काम करने की गति धीमी होती है. लेकिन इनकी सोच गहरी होती है. ये लोग कम बोलते हैं और ज्यादा सोचते हैं. अपनी योजनाएं हर किसी से साझा नहीं करते. इनके चेहरे पर भाव कम दिखते हैं, जिस कारण लोग इन्हें समझ नहीं पाते.
इसलिए देर से मिलती है सफलता
मूलांक 8 के लोगों का स्वभाव रहस्यमयी माना जाता है. ये अपने मन की बात जल्दी किसी को नहीं बताते. इनके भीतर क्या चल रहा है, यह जान पाना आसान नहीं होता. ये लोग किसी भी काम को पूरी योजना के साथ करते हैं. जल्दबाजी इन्हें पसंद नहीं होती. यही कारण है कि इनकी सफलता देर से आती है, लेकिन टिकाऊ होती है.
धीरे-धीरे जमा कर लेते हैं खूब धन
इन लोगों को जीवन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. फिर भी ये शिक्षा के क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन करते हैं. उच्च शिक्षा की ओर इनका झुकाव रहता है. करियर में ये लोग प्रशासन, प्रबंधन, तकनीक, रियल एस्टेट या भारी उद्योग से जुड़े कामों में आगे बढ़ते हैं. धीरे धीरे ये मजबूत आर्थिक स्थिति बना लेते हैं.
धन और खर्च की समझ
मूलांक 8 वाले लोग धन के मामले में समझदार होते हैं. ये फिजूलखर्ची से बचते हैं. पैसा बचाना इन्हें आता है. धीरे धीरे ये आर्थिक रूप से मजबूत बनते हैं. अचानक धन लाभ कम होता है, लेकिन लंबे समय में इनकी संपत्ति बढ़ती है.
रिश्ते और लगाव
इनका लगाव मूलांक 3, 4, 5, 7 और 8 वाले लोगों से अधिक देखा जाता है. ये रिश्तों में भरोसे और स्थिरता को महत्व देते हैं. दोस्त कम होते हैं, लेकिन भरोसेमंद होते हैं.
जितना संयम
मूलांक 8 वाले लोगों को धैर्य रखना बहुत जरूरी होता है. जितना ये संयम रखते हैं, उतना ही जीवन में संतुलन आता है. समय के साथ इनके प्रयास रंग लाते हैं और जीवन स्थिरता और सुख की ओर बढ़ता है.
डिस्क्लेमर: यहां दी गई जानकारी धार्मिक शास्त्र की मान्यताओं पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है।News24 इसकी पुष्टि नहीं करता है।