क्या तिब्बत जैसा होगा ग्रीनलैंड का हाल? चीन की राह पर अमेरिका, तमाशे की तरह देखती रह जाएगी दुनिया!

ताकतवर देशों की नजरें अब ग्रीनलैंड की विशाल जमीन और संसाधनों पर टिकी हैं. तिब्बत के इतिहास से सबक मिलता है कि बिना सैन्य शक्ति और सुरक्षा के शांति अक्सर गुलामी को न्योता देती है.

GREENLAND

दुनिया की राजनीति में अक्सर यह सवाल उठता है कि क्या शांति से जीने की चाहत ही ताकतवर देशों को हमले का न्योता देती है. तिब्बत इसका सबसे बड़ा और दर्दनाक उदाहरण है जिसने सदियों तक करुणा, आत्म-संयम और आध्यात्मिक अनुशासन को ही अपना सबसे बड़ा हथियार माना. तिब्बत ने सैन्य विस्तार को हीन समझा और यह मान लिया कि उसकी शांति उसे बाहरी खतरों से सुरक्षित रखेगी लेकिन इतिहास ने इसे एक रणनीतिक भूल साबित कर दिया. साल 1950 में जब चीन की सेना ने तिब्बत में प्रवेश किया तो वहां की आध्यात्मिक शक्ति आधुनिक युद्ध मशीनों के सामने टिक नहीं सकी. 1951 का विवादित समझौता और 1959 का विद्रोह इस बात का गवाह है कि जब कोई राष्ट्र अपनी सुरक्षा और सैन्य तैयारी को नैतिकता के भरोसे छोड़ देता है तो उसकी संप्रभुता छीन ली जाती है.

विज्ञापन

ग्रीनलैंड का डर क्या है?

आज यही डर ग्रीनलैंड को लेकर दुनिया के सामने खड़ा है जो महाशक्तियों के लिए एक ‘रणनीतिक ट्रॉफी’ बनता जा रहा है. ग्रीनलैंड की मंत्री नाजा नाथानिएलसेन ने बेहद मार्मिक बात कही है कि उनके पास रहने के लिए विशाल जमीन तो है लेकिन तादाद की ताकत नहीं है. महज 57 हजार की आबादी वाले इस द्वीप पर अमेरिका जैसे देशों की नजरें इसलिए टिकी हैं क्योंकि वे इसे एक खाली पड़े मैदान की तरह देखते हैं जिस पर अधिकार किया जा सकता है. जब बड़े देश छोटे राष्ट्रों की संप्रभुता को तर्क और जरूरत के आधार पर चुनौती देने लगें तो वह सबसे खतरनाक मोड़ होता है. डोनाल्ड ट्रंप का यह कहना कि अमेरिका अपने लक्ष्य से पीछे नहीं हटेगा और जरूरत पड़ने पर ताकत का इस्तेमाल कर सकता है ग्रीनलैंड की शांति के लिए एक बड़ा अलार्म है.

विज्ञापन

संसाधनों का लालच और आर्कटिक की नई जंग

ग्रीनलैंड की शांति पर मंडराता संकट सिर्फ जमीन का टुकड़ा हासिल करने तक सीमित नहीं है बल्कि इसके पीछे संसाधनों का बड़ा खेल है. यह द्वीप आज आर्कटिक कंट्रोल, दुर्लभ खनिजों और भू-रणनीतिक लोकेशन के कारण तीन बड़ी लड़ाइयों का केंद्र बन चुका है. रूस, यूरोप और अमेरिका के बीच स्थित होने के कारण ग्रीनलैंड एक बेहतरीन मिलिट्री बेस बन सकता है जो भविष्य की तकनीक और ऊर्जा के लिए भी बहुत जरूरी है. न्यूयॉर्क टाइम्स और रॉयटर्स की रिपोर्टों के अनुसार ग्रीनलैंड अब उस दोराहे पर खड़ा है जहां या तो उसे ‘बेचा’ जाएगा या फिर उसे ‘हासिल’ किया जाएगा. उसकी शांति ने ही उसे आज चर्चा का सबसे बड़ा और विवादित विषय बना दिया है क्योंकि शक्तिशाली देश उसे अपनी रणनीतिक बिसात का एक मोहरा मान रहे हैं.

क्या इतिहास खुद को दोहराएगा?

तिब्बत की कहानी हमें सिखाती है कि शांति तभी सुरक्षित रहती है जब उसके पीछे ताकत का पहरा हो. ग्रीनलैंड के पास फिलहाल डेनमार्क और यूरोप का समर्थन है लेकिन अगर अंतरराष्ट्रीय रिश्तों में दरार आती है तो वह भी तिब्बत की तरह अकेला पड़ सकता है. तिब्बत ने केवल अपनी सीमाएं नहीं खोईं बल्कि अपना आत्मविश्वास और अपनी संस्कृति का सहज प्रवाह भी खो दिया जो किसी भी समाज के लिए मौत जैसा होता है. दुनिया का कठोर नियम यही है कि शांति का सम्मान वही करता है जो ताकत की भाषा समझता हो. अगर ग्रीनलैंड ने अपनी स्थिति को केवल ‘नैतिक अपील’ पर छोड़ दिया तो वह भी उसी असहाय स्थिति में पहुंच सकता है जहां कभी तिब्बत था. अंततः शांति कोई सिद्धांत नहीं बल्कि एक ऐसी रणनीति होनी चाहिए जिसे सुरक्षित रखने का साहस और साधन दोनों मौजूद हों.

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Raja Alam

Raja Alam

राजा आलम वर्तमान में News 24 हिंदी (B.A.G. Network) में सीनियर सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. हिंदी पत्रकारिता में चार वर्षों के अनुभव के साथ नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर बारीकी से लेखन कर रहे हैं. पत्रकारिता की नींव देश की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU), अलीगढ़ से रखी, जहां से राजा आलम ने पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद, हिंदी लेखन में गहराई को और विस्तार दिया जब राजा ने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से हिंदी साहित्य में एम.ए. की डिग्री प्राप्त की. हर रोज़ कुछ नया सीखना और पाठकों तक सही, निष्पक्ष और भरोसेमंद खबर पहुंचाना उनका मुख्य उद्देश्य रहा है. राजा के लेखन में आपको पत्रकारिता की गंभीरता के साथ-साथ पाठकों से जुड़ने वाली सरल भाषा और कंटेंट की विविधता दोनों मिलेंगे.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ