पाकिस्तान की सियासत आजकल खूब उबल रही है. एक और इमरान खान को लेकर विवाद छिड़ा है तो दूसरी ओर पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) में सरकार-सेना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी है. इस बीच पाकिस्तान में सैन्य स्तर पर बड़ा बदलाव हुआ है. जनरल सैयद आमिर रजा को जनरल असीम मुनीर के बाद सेना में नंबर-2 अधिकारी बना दिया गया है. जुलाई महीने में आमिर रजा को लेफ्टिनेंट जनरल से फोर-स्टार जनरल के पद पर नियुक्त किया गया था और अब उन्हें ‘नेशनल स्ट्रैटेजिक कमांड’ का पहला कमांडर नियुक्त किया गया.
पाकिस्तान ने कौन-सा नया पद क्रिएट किया?
बता दें कि पाकिस्तान में नेशनल स्ट्रैटेजिक कमांड नामक नया पद क्रिएट किया गया है, जिस पर नियुक्त अधिकारी की जिम्मेदारी देश की स्ट्रैटेजिक फोर्स के ऑपरेशनल इंटीग्रेशन की होगी. यह पद और इस पद पर निुयक्त सैयद आमिर राजा फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के बाद पाकिस्तान के दूसरे सबसे ताकतवर अधिकारी होंगे. इसके साथ ही असीम मुनीर पाकिस्तान के ‘चीफ ऑफ डिफेंस फोर्स’ और ‘चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ’ हैं तो आमिज रजा देश के नए स्ट्रैटेजिक कमांड स्ट्रक्चर हेड हैं. पूरी आर्मर्ड फोर्स की कमांड इन दोनों के हाथ में है.
कौन हैं पाकिस्तान के जनरल सैयद आमिर रजा?
पाकिस्तान सेना में जनरल सैयद आमिर रजा 40 साल से हैं. उन्होंने 1988 में पाकिस्तान आर्मी जॉइन की थी और वे 6th लांसर्स से जुड़े थे. इसके बाद उन्होंने कमांड, स्टाफ और इंस्ट्रक्शनल समेत कई पदों पर काम किया. आमिर रजा ने ‘6th लांसर्स’, आर्मर्ड ब्रिगेड, दक्षिण वजीरिस्तान में इन्फैंट्री ब्रिगेड और इन्फैंट्री डिवीजन की कमान संभाली है. ‘चीफ ऑफ स्टाफ’ और ‘वेपन्स एंड इक्विपमेंट डायरेक्टरेट’ के डायरेक्टर जनरल के पद की जिम्मेदारी भी वे संभाल चुके हैं. इसके अलावा आमिर रजा मिलिट्री एजुकेशन और ट्रेनिंग भी दे चुके हैं. जनवरी 2025 में उन्हें चीफ ऑफ द जनरल स्टाफ बनाकर जनरल हेडक्वार्टर भेजा गया था.
क्वेटा स्थित कमांड एंड स्टाफ कॉलेज और इस्लामाबाद की नेशनल डिफेंस यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन की है. इंग्लैंड की यूनिवर्सिटी ऑफ नॉटिंघम में इंटरनेशनल रिलेशंस का कोर्स किया. वॉरफेयर, डिफेंस एंड स्ट्रैटेजिक स्टडीज में पोस्ट-ग्रेजुएशन की है. उन्होंने स्कूल ऑफ आर्मर एंड मैकेनाइज्ड वॉरफेयर में इंस्ट्रक्टर के पद पर काम किया है. कमांड एंड स्टाफ कॉलेज में बतौर चीफ इंस्ट्रक्टर काम किया है. सैयद आमिर रजा को पाकिस्तान के डिफेंस प्रोडक्शन ऑर्गेनाइजेशन हेवी इंडस्ट्रीज टैक्सिला का चेयरमैन बनाया गया था. अक्टूबर 2022 में लेफ्टिनेंट जनरल बने और मई 2023 में लाहौर में IV कोर के कमांडर बने.
भारत-अफगान के रिश्तों पर बौखलाया पाकिस्तान, बोला-काफिर से दोस्ती न करे मुसलमान
नए पद पर क्या और कैसी भूमिका निभाएंगे रजा?
पाकिस्तान में पहली बार ‘नेशनल स्ट्रैटेजिक कमांड’ नामक नया कमांड स्ट्रक्चर बनाया गया है. यह पद पाकिस्तान के 27वें संविधान संशोधन के तहत क्रिएट किया गया. मिलिट्री लॉ में किए गए बदलावों के तहत बनाया गया. ‘चेयरमैन जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ कमेटी’ का पद खत्म कर दिया गया है और इसकी जगह नया स्ट्रैटेजिक कमांड स्ट्रक्चर पद बनाया गया है. ‘नेशनल स्ट्रैटेजिक कमांड’ के कमांडर पद पर आमिर रजा की नियुक्ति 3 साल के हुई है. आमिर रजा पाकिस्तान की स्ट्रैटेजिक फोर्स के लिए जॉइंट ऑपरेशनल हेडक्वार्टर के रूप में काम करेंगे. सेना, नौसेना और वायुसेना की स्ट्रैटेजिक कमांड को एक कमांड स्ट्रक्चर के तहत लाएंगे. लेकिन रजा अकेले यह तय नहीं करेंगे कि पाकिस्तान न्यूक्लियर हथियारों का इस्तेमाल कब और कैसे करेगा, क्योंकि यह अधिकार प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली ‘नेशनल कमांड अथॉरिटी’ के पास है.