अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के चीन दौरे के समापन पर एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने दोनों देशों के बीच गहरे अविश्वास को एक बार फिर उजागर कर दिया है. कई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि बीजिंग कैपिटल एयरपोर्ट पर एयर फोर्स वन में सवार होने से ठीक पहले ट्रंप के पूरे प्रतिनिधिमंडल ने चीन की ओर से दिए गए सभी उपहार, बैज, लैपल पिन और बर्नर फोन को कूड़ेदान में फेंक दिया. इसे लेकर सोशल मीडिया पर एक फोटो भी वायरल हो रही है, जिसमें बड़े से कूड़ेदान में चीनी उपहार नजर आ रहे हैं.

सोशल मीडिया पर फोटो वायरल


न्यूयॉर्क पोस्ट की व्हाइट हाउस संवाददाता एमिली गुडिन ने घटना की प्रत्यक्षदर्शी रिपोर्ट एक्स पर साझा करते हुए लिखा कि अमेरिकी स्टाफ ने चीनी मेजबानों द्वारा दिए गए सभी सामान- क्रेडेंशियल्स, व्हाइट हाउस स्टाफ के बर्नर फोन और प्रतिनिधिमंडल पिन्स को विमान की सीढ़ियों के पास रखे कूड़ेदान में डाल दिया. उन्होंने साफ लिखा कि 'चीन से बनी कोई भी चीज विमान में नहीं जा सकती थी.' यह घटना ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच दो दिवसीय उच्चस्तरीय शिखर सम्मेलन के तुरंत बाद हुई.

---विज्ञापन---

यह भी पढ़ें: चीन से क्या लेकर लौटे ट्रंप? अमेरिकी राष्ट्रपति ने किए कई बड़े दावे, शी जिनपिंग ने क्यों साधी चुप्पी

---विज्ञापन---

घर छोड़ आए थे निजी इलेक्ट्रॉनिक


ट्रंप व्यापार, प्रौद्योगिकी, ताइवान और ईरान जैसे मुद्दों पर चर्चा के लिए बीजिंग गए थे, लेकिन पर्दे के पीछे सुरक्षा और साइबर सुरक्षा को लेकर तनाव साफ नजर आया. अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के सदस्य यात्रा से पहले अपने सभी निजी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस घर पर छोड़ आए थे और पूरे दौरे के दौरान केवल अस्थायी 'क्लीन बर्नर फोन' का इस्तेमाल किया.

---विज्ञापन---

क्यों फेंक दिए गए सारे गिफ्ट्स?


विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम बीजिंग की साइबर निगरानी क्षमताओं को लेकर वॉशिंगटन की पुरानी आशंकाओं का नतीजा है. अमेरिकी अधिकारी संभावित जासूसी, ट्रैकिंग या डेटा लीक से बचने के लिए नियमित रूप से ऐसी सख्त प्रक्रियाएं अपनाते हैं. हालांकि सार्वजनिक रूप से दोनों नेताओं ने मुलाकात को सकारात्मक बताया, लेकिन यह घटना दोनों महाशक्तियों के बीच संबंधों की नाजुक वास्तविकता को उजागर करती है.

---विज्ञापन---

यह भी पढ़ें: ‘होर्मुज खुले ये हमारी प्राथमिकता’, PM मोदी ने UAE की धरती से दुनिया को दिया शांति का संदेश

---विज्ञापन---