अमेरिका में 3 नवंबर को होने वाले मिडटर्म चुनाव से पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. अप्रूवल रेटिंग को लेकर अमेरिका में किए गए कई सर्वे में डोनाल्ड ट्रंप की रेटिंग को बड़ा नुकसान हुआ है. महंगाई, लाइफस्टाइल की बढ़ती लागत और सरकार के कामकाज को लेकर वोटर्स में असंतोष देखा गया है. द वॉशिंगटन पोस्ट-एबीसी न्यूज-इप्सोस के सर्वे के मुताबिक, ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग घटकर 33 फीसदी रह गई है.
अलग-अलग सर्वे में ट्रंप की रेटिंग में गिरावट
सर्वे के मुताबिक राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को कामकाज और फैसलों को लेकर 66 फीसदी लोगों ने असहमति जताई है. हैरानी की बात ये हैं कि डोनाल्ड ट्रंप के अप्रूवल रेटिंग पहली बार इतनी नीचे आई है, दूसरे कार्यकाल की वोटिंग के दौरान भी रेटिंग इतनी कम नहीं दर्ज की गई थी. एनबीसी न्यूज डिसीजन डेस्क के सर्वे में सर्वे में 51 फीसदी प्रतिभागियों ने ट्रंप के प्रदर्शन को लेकर कड़ी असहमति जताई.
वहीं, फॉक्स न्यूज के सर्वे में राष्ट्रपति ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग 36 फीसदी दर्ज की गई, जो इस संस्थान के पहले के सर्वे में उनके दोनों कार्यकालों की तुलना में सबसे कम रेटिंग है. इन आंकड़ों से संकेत मिलता है कि आगामी चुनाव से पहले रिपब्लिकन पार्टी को मतदाताओं की नाराजगी का सामना करना पड़ सकता है. चुनाव में पार्टी को कांग्रेस के दोनों सदनों में अपनी स्थिति बनाए रखने की चुनौती होगी.
महंगाई और महंगे खर्च से परेशान अमेरिकी वोटर
सर्वे में अर्थव्यवस्था और महंगाई को लेकर लोगों की चिंता बड़ी वजह मानी जा रही है. एनबीसी न्यूज के सर्वे में 31 फीसदी लोगों ने अर्थव्यवस्था को सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा बताया. वहीं, 44 फीसदी प्रतिभागियों ने कहा कि उनकी आर्थिक स्थिति एक साल पहले के मुकाबले खराब हुई है. करीब 67 फीसदी लोगों ने पेट्रोल की कीमतों को गंभीर या कुछ हद तक गंभीर समस्या माना.
फॉक्स न्यूज के सर्वेक्षण में 60 फीसदी मतदाताओं ने जीवनयापन की लागत को अपनी सबसे बड़ी आर्थिक चिंता बताया. 74 फीसदी लोगों ने अमेरिकी अर्थव्यवस्था की स्थिति को नकारात्मक आंका, जबकि 55 फीसदी ने कहा कि महंगाई पर बिल्कुल नियंत्रण नहीं है. महंगाई से निपटने के मामले में ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग केवल 22 फीसदी रही. वहीं, 77 फीसदी लोगों ने इस मुद्दे पर उनके प्रदर्शन को नापसंद किया.