हमारे साथ जुड़ें X IG YT FB
Trending: DiwaliIndia blocGyanesh KumarBigg Boss 20

अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में भारतीय मूल के उम्मीदवारों का प्रदर्शन कैसा रहा? विवेक रामास्वामी हारे, कई को मिली जीत

अमेरिकी मिडटर्म चुनाव 2026 में भारतीय मूल के कई उम्मीदवार मैदान में थे. विवेक रामास्वामी को हार मिली, जबकि सुहास सुब्रमण्यम और पीया दांडिया ने जीत दर्ज की. जानें अन्य नेताओं का प्रदर्शन.

विज्ञापन
अमेरिकी मिडटर्म चुनाव 2026 में अपनी किस्मत आजमाने वाले भारतीय मूल के प्रमुख नेता और उम्मीदवार. (Image- X)

अमेरिका में 3 नवंबर को हुए मिडटर्म चुनाव में भारतीय मूल के कई उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाई. इन चुनावों में किसी को जीत मिली तो किसी को हार का सामना करना पड़ा. ओहायो के गवर्नर पद के लिए चुनाव लड़ रहे रिपब्लिकन नेता विवेक रामास्वामी हार गए. वहीं, सुहास सुब्रमण्यम और पीया दांडिया जैसे भारतीय मूल के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की. मैरीलैंड की लेफ्टिनेंट गवर्नर अरुणा मिलर भी दोबारा अपना पद हासिल किया.

इन चुनावों में अमेरिकी संसद के निचले सदन सभा की सभी 435 सीटों और सीनेट की 100 में से 37 सीटों पर मतदान हुआ. इसके अलावा 36 राज्यों में गवर्नर पद के लिए भी चुनाव हुए. इन नतीजों का असर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल के बचे हुए दो सालों की राजनीति पर भी पड़ेगा.

विवेक रामास्वामी को ओहायो में मिली हार

भारतीय मूल के रिपब्लिकन नेता विवेक रामास्वामी ओहायो के गवर्नर पद के चुनाव लड़ा था. उन्हें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन भी मिला था. इसके बावजूद वह डेमोक्रेटिक उम्मीदवार एमी एक्टन से चुनाव हार गए. एक रिपोर्ट के मुताबिक, एक्टन ने रामास्वामी को 2 लाख से ज्यादा वोटों से हराया. इस जीत के साथ एमी एक्टन साल 2006 के बाद ओहायो में गवर्नर बनने वाली पहली डेमोक्रेट नेता बन गईं.

विज्ञापन

सुहास सुब्रमण्यम और पीया दांडिया ने दर्ज की जीत

वर्जीनिया के 10वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से चुनाव लड़ रहे सुहास सुब्रमण्यम ने दोबारा जीत हासिल की. 40 वर्षीय सुहास को 61 प्रतिशत से ज्यादा वोट मिले, जबकि उनके रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी डेव बेकविथ को करीब 36 प्रतिशत वोट मिले. सुहास पहले पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के व्हाइट हाउस में टेक्नोलॉजी पॉलिसी सलाहकार के तौर पर काम कर चुके हैं. वहीं, फ्लोरिडा के 22वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से डेमोक्रेटिक उम्मीदवार पीया दांडिया ने भी जीत दर्ज की. उन्होंने रिपब्लिकन उम्मीदवार केसी असकर को हराकर 51.9 प्रतिशत वोट हासिल किए. पीया पहले टीचर थीं और हार्लेम में हाईस्कूल की प्रिंसिपल भी रह चुकी हैं.

रो खन्ना, प्रमिला जयपाल और अमी बेरा आगे

कैलिफोर्निया के 17वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से रो खन्ना चुनाव लड़ रहे थे. शुरुआती नतीजों में वह अपने प्रतिद्वंद्वी रितेश टंडन से 35 हजार से ज्यादा वोटों से आगे चल रहे थे. वॉशिंगटन के 7वें डिस्ट्रिक्ट से प्रमिला जयपाल भी रिपब्लिकन उम्मीदवार निरव शेठ के खिलाफ मजबूत स्थिति में थीं. वह 1.5 लाख से ज्यादा वोटों से आगे चल रही थीं. प्रमिला 2017 से इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रही हैं और अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में चुनी जाने वाली पहली भारतीय-अमेरिकी महिला हैं. कैलिफोर्निया के तीसरे कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से चुनाव लड़ रहे अमी बेरा भी अपने प्रतिद्वंद्वी से 25 हजार से ज्यादा वोटों से आगे थे. वहीं, एरिजोना के पहले डिस्ट्रिक्ट से डेमोक्रेटिक उम्मीदवार अमीश शाह भी बढ़त बनाए हुए थे. वह डॉक्टर रह चुके हैं और एरिजोना की राज्य विधानसभा में तीन बार विधायक रहे हैं.

विज्ञापन

अरुणा मिलर फिर बनीं मैरीलैंड की लेफ्टिनेंट गवर्नर

भारतीय मूल की अरुणा मिलर ने मैरीलैंड की लेफ्टिनेंट गवर्नर के रूप में दोबारा जीत हासिल की. वह डेमोक्रेटिक गवर्नर वेस मूर के साथ चुनाव मैदान में थीं. अरुणा का जन्म 1964 में हैदराबाद में हुआ था. वह सात साल की उम्र में अपने परिवार के साथ अमेरिका चली गई थीं.

नित्या रमन और दूसरे उम्मीदवारों का क्या रहा हाल?

लॉस एंजिलिस के मेयर पद के लिए चुनाव लड़ रहीं भारतीय मूल की नित्या रमन शुरुआती नतीजों में करीब 8 हजार वोटों से पीछे चल रही थीं. अगर वह जीत जाती तो न्यूयॉर्क और लॉस एंजिलिस जैसे अमेरिका के दो बड़े शहरों में भारतीय मूल के मेयर होते. न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी हैं, जो भारतीय मूल के हैं. न्यूयॉर्क के अटॉर्नी जनरल पद के लिए चुनाव लड़ रहीं रिपब्लिकन उम्मीदवार सरिता कोमाटिरेड्डी को हार मिली. वहीं, रिपब्लिकन महेश गणोरकर भी नॉर्थ कैरोलिना में चुनाव हार गए. ओहायो से निर्दलीय उम्मीदवार संदीप दीक्षित और मिशिगन से अनिल कुमार को भी हार का सामना करना पड़ा. राज्य स्तर के चुनावों में पेंसिल्वेनिया से अरविंद वेंकट और इलिनॉय से राम विलिवलम ने दोबारा जीत हासिल की. वहीं, इलिनॉय के 26वें सीनेट डिस्ट्रिक्ट से नबीला सैयद और जॉर्जिया के 97वें हाउस डिस्ट्रिक्ट से ज्योत सिंह शुरुआत में आगे चल रहे थे.

विज्ञापन

इस तरह 2026 के अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में भारतीय मूल के उम्मीदवारों का प्रदर्शन मिला-जुला रहा. कुछ नेताओं ने अपनी सीट बचाई, तो कुछ नए चेहरों ने अमेरिकी राजनीति में जगह बनाई.

संबंधित खबरें

न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

Know More: Editorial Guidelines

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

ताज़ा खबरें

Sponsored Links by Taboola