US General Brett Sylvia Fired: पेंटागन ने अमेरिकी सेना के पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल ब्रेट सिल्विया पर मीडियो को सीक्रेट मिलिट्री जानकारी लीक करने का आरोप लगाया है. रक्षा सचिव पीट हेगसेथ द्वारा उन्हें एक सीनियर मिलिट्री पोजीशन से हटाए जाने के कुछ वक्त बाद ही ये आरोप सामने आया है. सिल्विया ‘जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ’ में रणनीति, योजना और नीति के प्रमुख के तौर पर काम कर रहे थे. ये एक बेहद अहम रोल है, जिसमें अमेरिकी सैन्य नेतृत्व और राष्ट्रपति के लिए सैन्य योजनाओं को तैयार करना और उनमें कोऑर्डिनेशन बिठाना शामिल होता है.
ईरान-यूक्रेन की जानकारी लीक करने का आरोप
पेंटागन के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि ब्रेट सिल्विया को हटाए जाने का कनेक्शन एक जांच से है. उन पर आरोप है कि उन्होंने ईरान युद्ध, रूस-यूक्रेन संघर्ष और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े दूसरे संवेदनशील मामलों की जानकारी मीडिया संस्थानों के साथ शेयर की थी.
3 पॉलीग्राफ टेस्ट में फेल होने की खबर
अधिकारी के मुताबिक, कथित तौर पर लीक की जांच के दौरान ब्रेट सिल्विया 3 पॉलीग्राफ टेस्ट में फेल हो गए थे. पेंटागन के प्रवक्ता शॉन पार्नेल ने पुष्टि की कि विभाग ने गोपनीय जानकारी की सुरक्षा के लिए उनके खिलाफ कार्रवाई की है. उन्होंने आगे बताया कि इस मामले को न्याय विभाग को सौंप दिया गया है, ताकि संभावित कानूनी कार्रवाई की जांच की जा सके.
हालांकि पेंटागन ने सार्वजनिक रूप से ये साफ नहीं किया है कि इन आरोपों के चलते सैन्य न्याय प्रक्रिया के बजाय नागरिक कानूनी कार्यवाही क्यों हो सकती है. सिल्विया को हटाए जाने के बारे में पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि प्रशासन संवेदनशील जानकारी लीक करने वाले लोगों की सक्रिय रूप से तलाश कर रहा है.
जनरल के पास 32 सालों का तजुर्बा
‘जॉइंट स्टाफ’ में शामिल होने से पहले, सिल्विया केंटकी के फोर्ट कैंपबेल में 101वीं एयरबोर्न डिवीजन की कमान संभाल चुके थे. उनके सैन्य करियर में छह ‘ब्रॉन्ज स्टार मेडल’ और युद्ध के दौरान घायल होने पर मिला ‘पर्पल हार्ट’ सम्मान शामिल है. ‘जॉइंट स्टाफ’ ने उनकी 32 सालों की सेवा की तारीफ करने वाला अपना पिछला बयान भी वापस ले लिया है. उनका कहना है कि वो बयान उनके पद से हटने के असल हालात को सही ढंग से नहीं बयां करता था. ये मामला हेगसेथ के कार्यकाल में लीक से जुड़ी जांचों की एक सीरीज का हिस्सा है; इससे पहले भी वो इसी तरह के आरोपों के चलते अपने करीबी सहयोगियों में से तीन को हटा चुके हैं. पेंटागन ने विभाग की कवरेज करने वाले पत्रकारों पर भी सख्त पाबंदियां लगा दी हैं.