---विज्ञापन---

कनाडा ने लगाया टैरिफ तो अमेरिका ने डेयरी, शराब और बाइक समेत कई प्रोडेक्ट्स पर लगाया बैन

अमेरिका ने कनाडा से आने वाले डेयरी उत्पादों, अधिकतर मादक पेय और मोटरसाइकिलों पर प्रतिबंध का ऐलान किया है. कनाडा के जवाबी शुल्क के बाद दोनों देशों में ट्रेड वॉर और तेज हो गया है.

---विज्ञापन---

अमेरिका ने कनाडा से आने वाली कुछ चीजों पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है. कनाडा से आने वाले दुग्ध उत्पादों, अधिकतर मादक पेय (Alcohol Beverage) और मोटरसाइकिलों पर प्रतिबंध लगाया है. अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ ने मंगलवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रतिबंध तीन हफ्ते में लागू होगा.

मंगलवार को इससे पहले कनाडा ने अमेरिका से आने वाले 20 अरब डॉलर के सामान पर जवाबी शुल्क लगा दिया था. इन फैसलों से दोनों देशों के बीच व्यापार का युद्ध और तेज हो गया है. कनाडा के जवाबी शुल्क लगाने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा के उत्पादों को अमेरिका की बड़ी और सरकारी खरीद से बाहर करने की दिशा में मंगलवार को यह कदम उठाया. वहीं, कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने अमेरिका पर देश की निर्भरता कम करने के लिए सभी प्रयासों पर जोर दिया.

---विज्ञापन---

ट्रंप ने अमेरिकी सामान्य सेवा प्रशासन सामान्य सेवा प्रशासन (General Services Administration – GSA) को आदेश दिए हैं कि वह कनाडा के उत्पादों को सरकारी ठेकों के लिए तब तक अयोग्य घोषित करे जब तक कनाडा, अमेरिकी उत्पादों के लिए “पूर्ण एवं उचित पारस्परिकता (Full and Perfect Reciprocity)” की अनुमति नहीं देता.

कनाडा के प्रधामनमंत्री कार्नी ने इससे पहले मंगलवार को कहा था कि हमारी रणनीति अधिक आत्मनिर्भर बनने की है. कार्नी ने कहा, “ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि कोई भी देश हमें उस पर निर्भर न बना सके और हम अपनी जिंदगी अपने मुताबिक जी सकें.” कनाडा के एक अधिकारी ने बताया कि हम यूरोपीय संघ के साथ ऐसी संभावनाएं तलाश रहा है, जो सदस्यता से थोड़ा कम स्तर की हो सकती हैं. इससे मौजूदा समझौतों का विस्तार, नई संधि पर बातचीत करना शामिल हो सकता है.
अधिकारी ने कहा कि कनाडा पहले से ही प्रांतों, क्षेत्रों और श्रमिक संगठनों से इस बारे में बातचीत कर रहा है कि यूरोपीय संघ के साथ गहरे संबंध किस प्रकार बनाए जाएं.

---विज्ञापन---

कनाडाई प्रधानमंत्री कार्नी अगले हफ्ते फ्रांस के स्ट्रासबर्ग जाएंगे. 16 सितंबर को कार्नी यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन के यूरोपीय संघ के संबोधन में शामिल होंगे एवं अगले दिन यूरोपीय संसद को संबोधित भी करेंगे. दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाएं गहराई से एक-दूसरे से जुड़ी हैं एवं रक्षा तथा सुरक्षा भी एक दूसरे पर निर्भर हैं. इसके बाद भी ट्रंप ने कनाडा के उत्पादों पर कई शुल्क लगाए हैं, जबकि अपने पहले कार्यकाल में उन्होंने उत्तर अमेरिकी व्यापार समझौते की सराहना की थी और कई शुल्क उस समझौते का उल्लंघन करते हैं.

First published on: Sep 09, 2026 12:24 PM

End of Article

About the Author

---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola