ईरान ने 48 घंटे में UAE पर दागी 165 मिसाइलें और 500 से ज्यादा ड्रोन, 3 विदेशियों की मौत
Author: Arif Khan
Mar 01, 2026 11:34 PM IST
संयुक्त अरब अमीरात पर ईरान ने पिछले 48 घंटों में 165 बैलिस्टिक मिसाइलों और 500 से अधिक ईरानी ड्रोनों से हमला किया है. यह जानकारी संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने खुद दी है. ईरान के हमले की शुरुआत से अब तक UAE की वायुसेना और एयर डिफेंस सिस्टम ने 165 बैलिस्टिक मिसाइल, 2 क्रूज मिसाइल और 541 ईरानी ड्रोन का सामना किया है.
मंत्रालय के मुताबिक, हमले के दूसरे दिन सुबह UAE एयर फोर्स और एयर डिफेंस ने 20 बैलिस्टिक मिसाइलों को नष्ट किया, जबकि 8 मिसाइल समुद्र में गिरीं. इसके अलावा 2 क्रूज मिसाइल और 311 ड्रोन भी मार गिराए गए. हालांकि, 21 ड्रोन नागरिक ठिकानों पर गिरे.
यह भी पढ़ें : दुबई में फंसे यात्रियों के लिए बड़ी राहत, अब होटल जल्दी खाली करने की जरूरत नहीं, खर्च उठाएगी UAE सरकार
मंत्रालय ने बताया कि 28 फरवरी 2026 से शुरू हुए ईरानी हमले के बाद कुल 165 बैलिस्टिक मिसाइलों का पता चला, जिनमें से 152 को नष्ट कर दिया गया, जबकि 13 समुद्र में गिरीं. दोनों क्रूज मिसाइलों को भी सफलतापूर्वक इंटरसेप्ट कर खत्म किया गया.
ड्रोन के मामले में कुल 541 ईरानी ड्रोन का पता चला, जिनमें से 506 को मार गिराया गया, जबकि 35 देश के भीतर गिरे, जिससे संपत्ति को नुकसान हुआ.
यह भी पढ़ें : भारत के पास कितना तेल भंडार? ईरान-इजरायल युद्ध लंबा खिंचा तो क्या तब तक चल जाएगा काम
इन घटनाओं में पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश के 3 नागरिकों की मौत हुई है, जबकि अलग-अलग देशों के 58 लोगों को हल्की चोटें आई हैं, जिनमें UAE, मिस्र, इथियोपिया, फिलीपींस, पाकिस्तान, ईरान, भारत, बांग्लादेश, श्रीलंका, अज़रबैजान, यमन, युगांडा, इरीट्रिया, लेबनान और अफगानिस्तान के नागरिक शामिल हैं.
मंत्रालय ने यह भी बताया कि एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा मिसाइल और ड्रोन को इंटरसेप्ट करने के दौरान उनका मलबा देश के कई हिस्सों में गिरा, जिससे कुछ नागरिक संपत्तियों को हल्का से मध्यम नुकसान पहुंचा. मंत्रालय ने सभी तरह के खतरों से निपटने के लिए अपनी पूरी तैयारी बताई है और कहा है कि नागरिकों, निवासियों और पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिस पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा.