TikTok Ban Latest Update: चीन की सोशल नेटवर्किंग साइट टिकटॉक भारत के साथ-साथ अमेरिका में भी बैन है, क्योंकि अमेरिका टिकटॉक की मूल कंपनी बाइटडांस का नया मालिक चाहता है। उन्होंने बाइटडांस को अपनी हिस्सेदारी बेचने का ऑफर दिया है और इस ऑफर को एक्सेप्ट करने के लिए चौथी बार समय दिया है। उन्होंने कहा है कि जब तक बाइटडांस के चीनी मालिक टिकटॉक से अलग नहीं होंगे, तब तक टिकटॉक अमेरिका में बैन रहेगा। उन्होंने बाइटडांस को नया मालिक तलाशने के लिए सितंबर तक का समय दिया है।
बाइटडांस को खरीदना चाहते हैं कई लोग
बता दें कि राष्ट्रपति ट्रंप ने पहले जनवरी में, फिर अप्रैल और जून में टिकटॉक पर प्रतिबंध की समयसीमा बढ़ाई थी। अब एक बार फिर सितंबर तक बैन का समय बढ़ा दिया है। वे कहते हैं कि उनके पास बाइटडांस को खरीदने की इच्छा रखने वाले कई खरीदार हैं, लेकिन उम्मीद नहीं है कि 17 सितंबर तक भी चीन बाइटडांस की हिस्सेदारी बेचने के लिए मानेगा। हालांकि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से टिकटॉक को लेकर बात नहीं की है, लेकिन सही समय आने पर वे बात जरूर करेंगे, ताकि वे बाइटडांस को किसी और को सेल कर दें।
अमेरिका को टिकटॉक से सता रहा यह डर
बता दें कि अमेरिका में टिकटॉक पर बैन राष्ट्रीय सुरक्षा और डेटा की प्राइवेसी के लिए लगाया गया है। टिकटॉक की मूल कंपनी बाइटडांस है, जो चीन की कंपनी है। अमेरिका को डर है कि चीन की शी जिनपिंग सरकार टिकटॉक के जरिए 170 मिलियन से ज्यादा अमेरिकी यूजर्स के डेटा तक पहुंच सकती है, क्योंकि चीन में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (2017) लागू है। इस कानून के अनुसार, चीन की कंपनियों को आदेश दिया गया है कि वे सरकार के साथ यूजर्स का डेटा शेयर करेंगी।
जो बाइडेन सरकार ने बनाया था एक कानून
अमेरिका की खुफिया एजेंसी का कहना है कि चीन की सरकार अमेरिकी यूजर्स के डेटा का इस्तेमाल जासूसी करने, ब्लैकमेल करने या अमेरिका की निगरानी के लिए इस्तेमाल कर सकती है। इसलिए जो बाइडेन के कार्यकाल में अमेरिका की कांग्रेस ने अप्रैल 2024 में प्रोटेक्टिंग अमेरिकन्स फ्रॉम फॉरेन एडवर्सरी कंट्रोल्ड एप्लिकेशन्स एक्ट (PAFACA) एक्ट बनाया था। इस एक्ट के तहत बाइटडांस को आदेश दिया गया कि वह 19 जनवरी 2025 तक टिकटॉक को अमेरिका को बेच दे।
टिकटॉक को ऐप स्टोर्स से हटाने की चेतावनी
बाइटडांस ने आदेश का पालन नहीं किया और अमेरिका में टिकटॉक अब तक बैन है। वहीं अब राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि 17 सितंबर तक बाइटडांस टिकटॉक की बिक्री का प्रोसेस पूरा करे। अगर ऐसा नहीं किया गया तो अमेरिका में टिकटॉक को पूरी तरह बैन कर दिया जाएगा। मोबाइल ऐप स्टोर्स से भी इसे हटा दिया जाएगा। जो पहले से ऐप डाउनलोड कर चुके हैं और इस्तेमाल कर चुके हैं, उन्हें आगे इसके अपडेट नहीं मिलेंगे। वहीं इस्तेमाल भी सीमित कर दिया जाएगा।