ऑस्ट्रियन एयरलाइंस की एक फ्लाइट को बम की धमकी मिलने के बाद बुल्गारिया में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी. फ्लाइट इजराइल के तेल अवीव से ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना जा रही थी. ऑस्ट्रियन एयरलाइंस ने बताया कि यह धमकी उड़ान OS82 को मिली थी. एयरलाइंस ने बताया कि एयरबस A320 विमान को सोफिया में सुरक्षित रूप से उतार लिया गया. विमान में कुल 57 लोग सवार थे, जिनमें 51 यात्री और 6 क्रू सदस्य शामिल थे.
मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘उड़ान के दौरान रोमानिया की सीमा के पास क्रू को बम की धमकी का संकेत मिला, जिसके बाद उन्होंने सोफिया में इमरजेंसी लैंडिंग करने का फैसला किया.’
मंत्रालय ने आगे बताया कि सोफिया में उतरने तक एक एयर फोर्स फाइटर जेट ने विमान को एस्कॉर्ट किया. इसके बाद यात्रियों को विमान से सुरक्षित बाहर निकाला गया.
एयरलाइंस के मुताबिक, बुल्गारिया की राजधानी में विमान के उतरने के बाद उसकी तलाशी ली गई. तलाशी पूरी होने के बाद यात्रियों को दूसरी फ्लाइट में भेजने की व्यवस्था की जा रही है.
बता दें, यह घटना 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही ‘फ्लाईदुबई’ की एक उड़ान में हुई आतंकी साजिश को नाकाम किए जाने के तीन सप्ताह से भी कम समय बाद सामने आई है. इस घटना के बाद से भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार को बचाने के लिए दुनिया भर से तारीफ मिल रही है. उन पर उनके ओमान के को-पायलट ने ‘क्रैश एक्स’ से हमला कर दिया था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह कथित तौर पर विमान को क्रैश करने की कोशिश कर रहा था.
हमले में बुरी तरह घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने कॉकपिट का दरवाजा खोला और मदद के लिए पुकारा. इसके बाद को हमलावर को काबू करने का मौका मिल गया. विमान में मौजूद एक रिजर्व क्रू सदस्य ने विमान को सऊदी अरब के तबुक हवाई अड्डे पर उतारा. इस विमान में 170 से ज्यादा लोग सवार थे.
फ्लाइट-ट्रैकिंग वेबसाइट ‘फ्लाइटराडार24’ के मुताबिक, संयुक्त अरब अमीरात से इजराइल की यात्रा के दौरान, जब यह ‘फ्लाईदुबई’ फ्लाइट सऊदी अरब के ऊपर से गुजर रही थी, तब यह 30 सेकंड से भी कम समय में 14000 फीट से ज्यादा नीचे आ गई थी. संयुक्त अरब अमीरात के अटॉर्नी जनरल के मुताबिक, को-पायलट ने विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने और उसे तेल अवीव के बेन गुरियन हवाई अड्डे पर यात्री टर्मिनल से टकराने की योजना बनाई थी.