दक्षिण कोरिया में बाढ़, भूस्खलन से 31 लोगों की मौत; हजारों को प्रभावित इलाकों से निकाला
Edited By Om Pratap

Edited By Om Pratap

South Korea Floods: दक्षिण कोरिया में कई दिनों की भारी बारिश के कारण भूस्खलन, बाढ़ और अन्य घटनाओं में कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य लापता हैं। आंतरिक और सुरक्षा मंत्रालय ने एक रिपोर्ट में कहा कि शुक्रवार और शनिवार को मध्य और दक्षिणपूर्वी क्षेत्रों में 31 मौतें हुईं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारी बारिश के कारण चेओंगजू में बाढ़ के कारण अंडरपास में एक बस के डूब जाने से उसमें फंसे पांच लोगों के शव बाहर निकाले गए। अधिकारियों ने बताया कि 7,500 से अधिक लोगों को निकाला गया है। सबसे अधिक मौतें उत्तरी ग्योंगसांग में हुई हैं, जहां भूस्खलन और मकान ढहने से 16 लोगों की मौत हो गई। दक्षिण चुंगचेओंग प्रांत ने चार मौतों की सूचना दी। लेकिन अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
शनिवार सुबह मंत्रालय की एक रिपोर्ट में कहा गया था कि मूसलाधार बारिश के कारण हुए भूस्खलन के कारण कई घर तबाह हो गए। लैंडस्लाइड की घटना में 7 लोगों की मौत हुई है। मंत्रालय के अधिकारियों ने कहा कि मूसलाधार बारिश के कारण मंगलवार से 10 लोग लापता हैं।

दक्षिण कोरिया में 9 जुलाई से भारी बारिश हो रही है। मंत्रालय की रिपोर्ट में कहा गया है कि बारिश के कारण पिछले कई दिनों में लगभग 5,570 लोगों को घर खाली करना पड़ा और 25,470 घरों में बिजली नहीं है। रिपोर्ट में कहा गया है कि शनिवार रात तक 4,200 से अधिक लोग अस्थायी आश्रयों में रह रहे थे।

मंत्रालय ने कहा कि शनिवार को 20 फ्लाइट्स रद्द कर दी गईं और देश की नियमित ट्रेन सेवा के साथ-साथ कुछ बुलेट ट्रेनों को निलंबित कर दिया गया। रिपोर्ट में कहा गया है कि लगभग 200 सड़कें बंद रहीं।

दक्षिण कोरिया की मौसम एजेंसी ने कहा कि देश के कुछ हिस्सों में रविवार तक भारी बारिश होती रहेगी। राष्ट्रपति यून सुक येओल के कार्यालय के अनुसार, राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री हान डक-सू से आपदा से निपटने के लिए सभी उपलब्ध संसाधन जुटाने के लिए कहा है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, साउथ कोरिया के मध्य क्षेत्रों में 9 जुलाई के बाद से गोंगजू शहर और चेओंगयांग काउंटी में 600 मिलीमीटर (24 इंच) से अधिक के साथ सबसे अधिक बारिश हुई है।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: