अमेरिका की जांच एजेंसी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) की नई टॉप-10 वांटेड की लिस्ट जारी हुई है, क्योंकि इसमें अब सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ का नाम भी शामिल हो गया है. लॉरेंस गैंग पर शिकंजा कसते हुए FBI ने गोल्डी बराड़ पर एक मिलियन डॉलर यानी (10 लाख डॉलर यानी 10 करोड़) का इनाम रखा है. FBI की ओर से कहा गया है कि अगर किसी के पास सतिंदरजीत सिंह के बारे में कोई जानकारी है तो टोल-फ्री हेल्पलाइन 1-800-CALL-FBI (1-800-225-5324) पर संपर्क करें. स्थानीय FBI ऑफिस, अमेरिकी दूतावास या वाणिज्य दूतावास से भी संपर्क कर सकते हैं या ऑनलाइन सूचना दे सकते हैं. गोल्डी बराड़ इस सूची में जगह पाने वाला 543वां भगोड़ा है और उसे जल्द गिरफ्तार करने के आदेश हैं.
हिंसक, खतरनाक और हथियारबंद अपराधी
बता दें कि FBI ने गोल्डी बराड़ को बेहद हिंसक, हथियारबंद और खतरनाक अपराधी माना है. वह कैलिफोर्निया और कनाडा में एक्टिव है. लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए काम करने का आरोप है. गोल्डी बराड़ अमेरिका से लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सारा कामकाज संभालता है. अमेरिका, कनाडा और भारत समेत कई देशों में हत्याएं कराना, रंगदारी के लिए धमकाना, फिरौती मांगना और ड्रग स्मगलिंग करना उसका काम है. भारतीय पुलिस और अमेरिकी एजेंसियों को उसकी तलाश है. गोल्डी बराड़ पर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला और आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में शामिल होने का आरोप भी है. उसके खिलाफ लॉस एंजिल्स की फेडरल कोर्ट में कई केस दर्ज हैं. पिछले साल 1 जुलाई 2025 को उसका अरेस्ट वारंट जारी हुआ था.
नॉर्थ अमेरिका में है लॉरेंस गैंग का किंगपिन
FBI के सीनियर अफसर पैट्रिक ग्रैंडी के अनुसार, गोल्डी बराड़ नॉर्थ अमेरिका में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का किंगपिन है और उसे गिरफ्तार करना सबसे जरूरी है और एजेंसी की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में उसकी गिरफ्तारी शामिल है. एजेंसी ने गोल्डी बराड़ की तस्वीरें और डिटेल ऑफिशियल वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी कर दी हैं. जुलाई 2026 में ‘ऑपरेशन हार्डबॉल’ के तहत भारत से जुड़े 3 गैंग के 37 लोगों के खिलाफ चार्जशीट फाइनल हुई थी, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गे भी शामिल थे. इनमें से कई गुर्गे गिरफ्तार हो चुके हैं, लेकिन गोल्डी बराड़ फरार है और उसका कोई सुराग भी नहीं मिल रहा है. इसलिए FBI ने उसका नाम अमेरिका के मोस्ट वांटेड क्रिमिनल्स की लिस्ट में शामिल करके 10 करोड़ का इनाम रख दिया है.
राजनीतिक धार्मिक नेता की हत्या में वांटेड
FBI ने बताया कि लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ दोनों भारत के पंजाब राज्य से हैं और दोनों ने राजनीतिक और धार्मिक नेता की हत्या की साजिश रची थी, जो कनाडा में रहता था. 18 जून 2023 को कनाडा के सरे शहर में गुरुद्वारे से निकलते समय इस नेता को गोलियां मारकर मौत के घाट उतार दिया गया था. इसी मामले में FBI कनाडा की पुलिस और लॉस एंजिल्स पुलिस गोल्डी बराड़ को तलाश रही हैं, क्योंकि उसके अमेरिका में ही छिपे होने के सुराग मिले हैं. गोल्डी बराड़ पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी लेने के बाद सुर्खियों में आया. भारतीय गृह मंत्रालय ने भी उसे आतंकी घोषित कर दिया है. वह पंजाब के मुक्तसर जिले का रहने वाला है और उसके पिता पंजाब पुलिस में थे, लेकिन वह इंटरनेशनल क्रिमिनल बन गया.
बता दें कि गोल्डी बराड़ के चचेरे भाई गुरलाल बराड़ का मर्डर हुआ था, जिसका बदला लेने के लिए वह क्राइम वर्ल्ड में आया और आज दुनिया का सबसे बड़ा क्रिमिनल बन गया है. गुरलाल बराड़ की हत्या का बदला लेने के लिए वह लॉरेंस बिश्नोई और जग्गू भगवानपुरिया गैंग से जुड़ा था.