Russian President Vladimir Putin News: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने परंपरागत रूप से पुरुष व्यवसायों में ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को रोजगार देने की बात कही है। इसकी वजह यह है कि यूक्रेन के साथ युद्ध में रूस के काफी ज्यादा सैनिक लगे हुए हैं जिस वजह से रूस में काम करने वाले लोगों की कमी हो गई है। रूस में कई सालों से जन्म दर में भी कमी देखी जा रही है। इसका असर देश के विकास पर पड़ रहा है, क्योंकि जरूरत के मुताबिक कामगार नहीं मिल पा रहे हैं।
यूक्रेन के साथ युद्ध की वजह से कामगारों की कमी और भी बढ़ गई है। यूक्रेन के साथ युद्ध शुरू हुए डेढ़ साल से ज्यादा का समय बीत चुका है। इस युद्ध में बड़ी संख्या में रूस के सैनिक भी मारे गए हैं।
क्षमता का फायदा उठाने की जरूरत-पुतिन
पुतिन ने कहा है कि रूस की आबादी में बड़ी संख्या में महिलाएं हैं। वे अभी जिन क्षेत्रों में काम नहीं कर रही हैं उन क्षेत्रों में भी उनकी क्षमता का पूरा फायदा उठाने की जरूरत है। पुतिन ने कहा वायुसेना में शामिल होने की पढ़ाई कर रहीं महिलाओं की भी सराहना की।
महिलाओं के काम पर प्रतिबंध हटाने को कहा
पुतिन ने कहा कि हमारे उड़ान स्कूलों में लड़कियां पहले से ही लड़ाकू विमान उड़ा रही हैं। (रक्षा मंत्री) ने बताया कि वे इसे शानदार ढंग से कर रही हैं। इसके पहले ऐसा माना जाता था कि यह पूरी तरह से पुरुषों का पेशा है। पुतिन ने महिलाओं के काम पर प्रतिबंध हटाने की बात कही।
महिलाओं से कहा था ज्यादा बच्चे पैदा करने को
बता दें कि कुछ समय पहले ही पुतिन ने महिलाओं से ज्यादा बच्चे पैदा करने की बात कही थी। इसकी वजह देश की लगातार कम होती जनसंख्या है। पुतिन ने महिलाओं से कम से कम 8 बच्चे पैदा करने की अपील की थी। उन्होंने छोटे परिवारों को देश में बढ़ती जनसंख्या संकट की वजह बताया था। उन्होंने आने वाले दशकों में रूस की आबादी बढ़ाने पर बल दिया था।