लंबे वक्त से चल रहा रूस-यूक्रेन युद्ध थमने का नाम नहीं ले रहा है. दोनों देश एक-दूसरे पर ताबड़तोड़ हमले कर रहे हैं. इसी बीच बुधवार को रूस ने एक बार यूक्रेन पर मिसाइलें दागीं. रूस ने कीव समेत 12 इलाकों में मिसाइलों और ड्रोन से अटैक किया. इस हमले में 4 बच्चों समेत 19 की मौत हो गई और 60 से ज्यादा घायल हो गए. यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक, रूस ने रात में बैलिस्टिक मिसाइलों से यूक्रेन की राजधानी पर हमला किया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और आम नागरिकों के इस्तेमाल वाली बुनियादी सुविधाओं को नुकसान पहुंचा.
कीव में सुनाई दिए धमाके
रात करीब 3 बजे कीव में धमाकों की आवाज सुनी गई. कीव सिटी मिलिट्री एडमिनिस्ट्रेशन के एक बयान के मुताबिक, पोडिल्स्की जिले में एक रॉकेट गैर-आवासीय इमारत से टकराया, जिससे आग लग गई. डार्नित्स्की पर हुए रॉकेट हमले की वजह से एक गैराज कॉम्प्लेक्स में आग लग गई. अधिकारियों ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन बिल्डिंग को काफी नुकसान पहुंचा है. डार्नित्स्की में भी दो लोगों की मौत हो गई. राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने एक दिन पहले ही चेतावनी दी थी कि खुफिया एजेंसियों का मानना है कि रूस एक बड़े हमले की तैयारी कर रहा है.
मुकाबला करना यूक्रेन के लिए मुश्किल?
यूक्रेन में हुई मौतों और नुकसान से पता चलता है कि रूस की बैलिस्टिक मिसाइलों और मॉस्को के बढ़ते हमलों में इस्तेमाल हो रहे नए जेट-पावर्ड ड्रोन का मुकाबला करना उसके लिए कितना मुश्किल है. अमेरिका में बने पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम के लिए गोला-बारूद ना होने की वजह से यूक्रेन रूसी बैलिस्टिक हथियारों को नहीं रोक पा रहा है. वो मॉस्को के ऊंचाई पर उड़ने वाले जेट-प्रोपेल्ड ड्रोन को पकड़ने में सक्षम नई पीढ़ी के इंटरसेप्टर विकसित करने की तेजी से कोशिश कर रहा है. राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा- ”रूसी बैलिस्टिक मिसाइलें सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई हैं और इस समय हमारे लिए एयर डिफेंस पैकेज बहुत जरूरी हैं.”
यूक्रेन ने किया पलटवार
यूक्रेन ने तेल रिफाइनरियों और स्टोरेज डिपो पर लंबी दूरी के ड्रोन और मिसाइलें दागकर रूस पर पलटवार किया है. जेलेंस्की ने बुधवार को कहा कि यूक्रेन ने रूस के पर्म, समारा और अस्त्रखान क्षेत्रों में दो तेल रिफाइनरी और एक ट्रेनिंग ग्राउंड को निशाना बनाया. जेलेंस्की ने ये भी संकेत दिया कि यूक्रेन ने काला सागर में भी हमला किया है. उन्होंने आग की तस्वीरें पोस्ट कीं, जिनमें रूसी शहर सोची के पास पानी में एक तेल टैंकर जलता हुआ दिखाई दे रहा था.