ग्लोबल लॉजिस्टिक्स में रूस की एंट्री, मिडिल ईस्ट तनाव के बीच पुतिन ने दुनिया को दिखाया नया रास्ता

मिडिल ईस्ट संकट और होर्मुज की सप्लाई रुकने के बीच पुतिन ने रूस को नया ग्लोबल ट्रांजिट हब बनाने का प्रस्ताव दिया है. उन्होंने दुनिया को सुरक्षित व्यापारिक रास्तों का भरोसा दिलाया है.

Putin global logistics strategy Russia
विज्ञापन

मिडिल ईस्ट में छिड़ी भीषण जंग और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में तेल-गैस की सप्लाई रुकने की आशंका के बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने दुनिया को एक बड़ी राहत की खबर दी है. पुतिन ने अंतरराष्ट्रीय मंच से यह प्रस्ताव रखा है कि रूस दुनिया के देशों को बेहद सुरक्षित और भरोसेमंद परिवहन और लॉजिस्टिक्स मार्ग उपलब्ध करा सकता है. उनके मुताबिक मौजूदा हालातों ने वैश्विक ऊर्जा बाजार और अंतरराष्ट्रीय व्यापार को बुरी तरह प्रभावित किया है जिसके समाधान के लिए रूस पूरी तरह तैयार है. राष्ट्रपति पुतिन का मानना है कि रूस के पास वह क्षमता है जो वैश्विक लॉजिस्टिक्स के लिए एक नया और मजबूत ढांचा तैयार कर सकती है ताकि दुनिया की अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले बोझ को कम किया जा सके.

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर संकट और पुतिन का विकल्प

इंटरनेशनल ट्रांसपोर्ट एंड लॉजिस्टिक्स फोरम को दिए एक खास वीडियो संदेश में पुतिन ने साफ कहा कि मिडिल ईस्ट के हालात सीधे तौर पर ऊर्जा बाजारों के लिए बड़ा खतरा बन गए हैं. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से होने वाला तेल और गैस का परिवहन अब जोखिम में है जिससे पूरी दुनिया की सप्लाई चेन चरमरा सकती है और महंगाई बढ़ सकती है. इस संकटपूर्ण घड़ी में पुतिन ने रूसी रास्तों की अहमियत बताते हुए कहा कि रूस दुनिया को ऐसे समाधान दे सकता है जो ग्लोबल ट्रांजिट फ्लो में विविधता लाएंगे. पुतिन का तर्क है कि रूस के माध्यम से प्रस्तावित ये लॉजिस्टिक्स रूट न सिर्फ आर्थिक रूप से ज्यादा फायदेमंद हैं बल्कि इनके जरिए सामान पहुंचने के समय में भी काफी कमी आएगी.

Advertisment

तकनीकी विकास और विशेषज्ञों की फौज तैयार करेगा रूस

राष्ट्रपति पुतिन ने दुनिया को भरोसा दिलाया कि रूस इस क्षेत्र में अपने पुराने अनुभवों को साझा करने और कई देशों के साथ मिलकर संयुक्त कार्यक्रम चलाने के लिए तैयार है. उनका कहना है कि रूस ऐसे विशेषज्ञ और प्रोफेशनल तैयार कर सकता है जो 21वीं सदी की जरूरतों के हिसाब से परिवहन और रसद के विकास को एक नई तकनीकी आधारशिला दे सकें. पुतिन ने इस बात पर जोर दिया कि रूस केवल रास्ता ही नहीं दे रहा है बल्कि वह अंतरराष्ट्रीय व्यापार को सुगम बनाने के लिए एक आधुनिक और डिजिटल ढांचे पर भी काम कर रहा है. यह पहल रूस को वैश्विक व्यापार के केंद्र में लाने और पश्चिमी देशों पर निर्भरता कम करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है.

ट्रंप की धमकी और यूरोपीय देशों का कड़ा रुख

इस बीच मिडिल ईस्ट के हालातों पर राजनीति भी गरमा गई है क्योंकि अमेरिकी और इजरायली हमलों के जवाब में ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर पाबंदियां लगाने की चेतावनी दी है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूरोपीय देशों को धमकी भरे लहजे में कहा था कि वे होर्मुज का रास्ता खुलवाने के लिए उनके सैन्य गठबंधन में शामिल हों वरना नतीजे भुगतें. हालांकि यूरोपीय देशों ने ट्रंप की इस मांग को सिरे से खारिज कर दिया है और किसी भी सैन्य टकराव का हिस्सा बनने से मना कर दिया है. दूसरी तरफ संयुक्त अरब अमीरात भी इस समुद्री रास्ते को फिर से खोलने के लिए ताकत के इस्तेमाल की बात कर रहा है जिससे क्षेत्र में तनाव और अधिक बढ़ने की संभावना बनी हुई है.

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Raja Alam

Raja Alam

राजा आलम वर्तमान में News 24 हिंदी (B.A.G. Network) में सीनियर सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. हिंदी पत्रकारिता में चार वर्षों के अनुभव के साथ नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर बारीकी से लेखन कर रहे हैं. पत्रकारिता की नींव देश की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU), अलीगढ़ से रखी, जहां से राजा आलम ने पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद, हिंदी लेखन में गहराई को और विस्तार दिया जब राजा ने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से हिंदी साहित्य में एम.ए. की डिग्री प्राप्त की. हर रोज़ कुछ नया सीखना और पाठकों तक सही, निष्पक्ष और भरोसेमंद खबर पहुंचाना उनका मुख्य उद्देश्य रहा है. राजा के लेखन में आपको पत्रकारिता की गंभीरता के साथ-साथ पाठकों से जुड़ने वाली सरल भाषा और कंटेंट की विविधता दोनों मिलेंगे.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ