POK Wheat Price Hike Protest: पीओके (पाक अधिकृत कश्मीर) में गेहूं की कीमतों में बढ़ोतरी और सब्सिडी हटाने के खिलाफ लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं। शनिवार को 11वें दिन भी वहां लोगों ने प्रदर्शन किया। पीओके स्कर्दू, गांचे, शिगार और यासीन जैसे शहरों में गेहूं की कीमतों के खिलाफ धरने और प्रदर्शन लगातार जारी है। इसके साथ ही लोगों ने यह ऐलान किया है कि अगर गेहूं के दामों में बढ़ोतरी को सरकार वापस नहीं लेती है तो लगातार प्रदर्शन किया जाएगा। जानकारी के अनुसार पीओके में 10 किलो गेहूं की बोरी 3600-4000 रुपए में बिक रही है।
विरोध प्रदर्शन में शामिल ऑल पार्टी अलायंस के गुलाम हुसैन अतहर, शेख अहमद तराबी, नजफ अली और वकील अहमद चाऊ ने कहा कि अगर गेहूं की कीमतों में बढ़ोतरी को वापस नहीं लिया जाता है तो वे सीएम आवास पर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि वे इसके अलावा सीएम हाउस पर भी प्रदर्शन करेंगे। उनके पास सारे विकल्प मौजूद हैं। लोगों की अधिकारों की रक्षा के लिए हम किसी भी हद तक जा सकते हैं। यहां प्रदर्शन कर रहे लोगों के खिलाफ सरकार ड्रोन से हमले करवा रही है। लेकिन हम इन हमलों से डरने वाले नहीं हैं।
सरकार के खिलाफ है पूरा देश
प्रदर्शनकारियों ने ऐलान करते हुए कहा कि जब तक मूल्य वृद्धि वापस नहीं ली जाती है हमारा धरना जारी रहेगा। सरकार को हमारी मांगों के आगे झुकना पड़ेगा। पीपुल्स और अवामी एक्शन पार्टी के नेताओं ने शुक्रवार को कहा कि गिलगित बाल्टिस्तान में गेहूं की बढ़ती कीमतों पर अगर नियंत्रण नहीं किया गया तो प्रदर्शन और ज्यादा तेज किए जाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि अगर प्रांतीय सरकार लोगों पर अत्याचार करती है तो मामला गेहूं की सब्सिडी तक नहीं रहेगा। पूरा देश संगठित है पूरी तैयारी के साथ आंदोलन को आगे बढ़ाएगा।