फ्रांस की राजधानी पेरिस में पोर्ट डी क्लिची के पास एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. एक सिरफिरे व्यक्ति ने दो बड़े रसोई के चाकुओं से तीन महिलाओं पर हमला कर दिया. पीड़ितों में 19, 24 और 36 वर्ष की महिलाएं शामिल हैं, जिनमें से एक महिला गर्भवती बताई जा रही है. फ्रांस के आंतरिक मंत्री लॉरेंट नुनेज के अनुसार, दो महिलाएं इस हमले में गंभीर रूप से घायल हुई हैं. घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें हमलावर हाथों में चाकू लिए एक युवती पर वार करने की कोशिश करता दिख रहा है. इस हमले ने इलाके में दहशत फैला दी है.
---विज्ञापन---
लोगों ने दिखाई बहादुरी
घटना के दौरान वहां मौजूद आम नागरिकों और एक ऑफ-ड्यूटी पुलिस अधिकारी ने बहादुरी का परिचय दिया. घटना स्थल पर मौजूद मोहामेद-अली बाउहाजर ने बताया कि हमलावर को महिला पर चाकू से वार करते देख उन्होंने लोगों को मदद के लिए आवाज दी. एक व्यक्ति ने हमलावर पर सूटकेस फेंक दिया, जिससे उसके हाथ से चाकू छूट गए. इसके बाद लोगों ने उसे जमीन पर पटक कर दबोच लिया. वहीं मौजूद एक ऑफ-ड्यूटी पुलिस अधिकारी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया. आंतरिक मंत्री ने पुलिस अधिकारी और आम लोगों के इस साहसिक कदम की जमकर सराहना की है.
---विज्ञापन---
यह भी पढ़ें: PoK Election Violence: पाकिस्तानी सेना ने प्रदर्शनकारियों पर बरसाईं गोलियां, मतदान में हिंसा; फायरिंग में 9 की मौत
---विज्ञापन---
आरोपी का बयान
जमीन पर काबू किए जाने के बाद आरोपी ने दावा किया- 'मुझे अल्लाह ने भेजा है यह करने के लिए'. हालांकि, आंतरिक मंत्री लॉरेंट नुनेज ने बताया कि गिरफ्तारी के समय आरोपी बहकी-बहकी बातें कर रहा था और उसकी पहचान की पुष्टि नहीं हो सकी है. हमले के पीछे का असली मकसद अभी तक साफ नहीं हो पाया है. फ्रांस का राष्ट्रीय आतंकवाद-विरोधी अभियोजक कार्यालय इस बात की समीक्षा कर रहा है कि मामले की जांच आतंकवाद के कोण से शुरू की जाए या नहीं. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की पूरी सच्चाई सामने लाने में जुटी हुई है.
---विज्ञापन---