'दर्जनों आतंकवादियों को जहन्नुम भेज दिया', ट्रेन हाईजैक के एक दिन बाद PM शरीफ का रिएक्शन

ट्रेन हाईजैक मामले के करीब 30 घंटे बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। शहबाज शरीफ ने कहा कि दर्जनों आतंकवादियों को जहन्नुम (नरक) में भेज दिया गया है। उन्होंने  बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) के साथ किसी तरह की बातचीत या समझौते के संकेत नहीं दिए हैं।

Pakistan Prime Minister Shehbaz Sharif

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ। (फाइल फोटो)

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने जाफर एक्सप्रेस ट्रेन हाईजैक पर पहली प्रतिक्रिया दी है। पीएम शहबाज शरीफ ने कहा, ‘मैंने मुख्यमंत्री सरफराज बुगती से बात की, जिन्होंने मुझे जाफर एक्सप्रेस पर हुए जघन्य आतंकवादी हमले में लेटेस्ट घटनाक्रमों के बारे में जानकारी दी। हमारी सेना ने एक्शन लेते हुए दर्जनों आतंकवादियों को जहन्नुम (नरक) भेज दिया है।’ उन्होंने कहा कि ‘पूरा देश इस नृशंस कृत्य से बहुत सदमे में है और निर्दोष लोगों की जान जाने से दुखी है। इस तरह की कायरतापूर्ण हरकतें पाकिस्तान के शांति के संकल्प को कमजोर नहीं कर पाएंगी। मैं शहीदों के परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। अल्लाह उन्हें जन्नत में सर्वोच्च स्थान प्रदान करे और घायलों को शीघ्र स्वस्थ होने की दुआ दें। दर्जनों आतंकवादियों को जहन्नुम भेजा जा चुका है।’

सरकार ऐसे हमलों को बर्दाश्त नहीं करेगी: शरीफ 

पीएम शहबाज शरीफ ने इस बात पर जोर दिया कि दर्जनों आतंकवादियों को मार गिराया गया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान सेना की यह कार्रवाई आतंकवाद के खिलाफ पाकिस्तान के सख्त रुख की पुष्टि करती है। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि सरकार ऐसे हमलों को बर्दाश्त नहीं करेगी और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए प्रयास जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।

350 बंधकों को छुड़ाने का दावा

बता दें कि बलोच लड़ाकों ने बलूचिस्तान में मंगलवार को जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को हाईजैक किया था। इस घटना को हुए एक दिन से ज्यादा का समय बीत चुका है। सीएनएन के मुताबिक, पाकिस्तान में सेना और बलूच विद्रोह‍ियों के बीच हुई खूनी झड़प खत्म हो गई है। ट्रेन को अगवा करने वाले विद्रोह‍ियों से करीब 350 बंधकों को छुड़ा लिया गया है। सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, BLA ने 27 बंधकों और एक सैनिक को मार डाला है। वहीं, बचाव अभियान में कम से कम 35 बलूच विद्रोही मारे गए हैं।

जाफर एक्सप्रेस रेस्क्यू ऑपरेशन खत्म होने का दावा

इसी बीच, पाकिस्तानी अधिकारियों ने दावा क‍िया क‍ि ऑपरेशन खत्‍म हो गया है औऱ सभी विद्रोहियों को मार ग‍िराया गया। हालांकि, बंधक बनाए गए कुछ लोग मारे गए हैं। इससे पहले  बीएलए ने 50 और पाकिस्तानी सैनिकों को मारने की पुष्टि की थी। बीएलए ने दावा क‍िया था क‍ि अभी भी लगभग 150 बंधक उनकी हिरासत में हैं।

33 आतंकवादियों को मार गिराया: ISPR

वहीं, पाकिस्तानी इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) के महानिदेशक अहमद शरीफ चौधरी ने बताया कि पाक सेना ने एयरफोर्स, फ्रंटियर कोर (एफसी) और स्पेशल सर्विस ग्रुप (एसएसजी) के साथ मिलकर बोलन में ट्रेन पर हमला करने वाले 33 आतंकवादियों को एक रेस्क्यू ऑपरेशन में मार गिराया है और सभी बंधकों को सुरक्षित बचा लिया गया है। उन्होंने एक पाकिस्तानी समाचार चैनल को बताया कि आतंकवादियों ने 11 मार्च को दोपहर एक बजे ट्रेन को पटरी से उतार दिया था और यात्रियों को बंधक बना लिया था। इसके बाद सुरक्षाबलों ने तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन करते हुए सभी बंधकों को सुरक्षित रिहा करा लिया है। हालांकि, इस हादसे में 21 यात्रियों और 4 जवानों की मौत हो गई है। उन्होंने ये भी बताया कि हादसे में जो जवान मारे गए हैं, वो अर्धसैनिक फ्रंटियर कोर के जवान हैं। जबकि बलूच लिबरेशन आर्मी ने दावा किया था कि उन्हें 100 से ज्यादा लोगों को मार दिया है।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ