पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर फिर हवाई हमला किया है, जिसमें कंधार को निशाना बनाया गया. सुबह करीब 3 बजे पाकिस्तानी वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने कंधार शहर में रेगिस्तानी इलाके और इसके आस-पास रहने वाले लोगों पर बमबारी की गई. हालांकि हमले में किसी की मौत या नुकसान होने की खबर नहीं है, लेकिन धमाके इतने जोरदार थे कि दूर-दूर तक गूंज सुनाई दी. हमले के बाद लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है और वे इलाका छोड़कर भागने लगे हैं.
सेना और पुलिस ने मौके पर स्थिति को संभाला
तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने पाकिस्तानी सेना के हमले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि आज सुबह कंधार शहर में धमाकों की भयानक आवाजें सुनाई दीं. जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई थी. मौके पर तुरंत पुलिस और सेना को भेजा गया, जिन्होंने लोगों को संभाला और घरों के अंदर रहने की सलाह दी. लोगों को शांत रहने को कहा गया है. हालांकि लोग इलाके को छोड़कर जाना चाहते हैं, लेकिन सरकार-पुलिस और सेना उन्हें खुद शिफ्ट कर सकती है.
21 सितंबर को भी पाकिस्तान ने किया था हमला
बता दें कि पाकिस्तान ने 3 दिन पहले 21 सितंबर को भी अफगानिस्तान पर हवाई हमले किए थे. कुनार और पक्तिका राज्यों में ट्रेनिंग कैंपों और ठिकानों पर बमबारी की गई थी. ताजा हमलों के बाद पाकिस्तान और अफगानिस्तान में तीन महीने से जारी युद्धविराम समझौता टूट गया और डूरंड लाइन पर फिर तनाव बढ़ गया. पाकिस्तान ने दावा किया है कि कुनार और पक्तिका में किए गए हवाई हमलों में 28 आतंकी मारे गए और भारी मात्रा में गोला-बारूद नष्ट किया गया.
पाकिस्तान और अफगानिस्तान में क्या है विवाद?
पाकिस्तान और अफगानिस्तान डूरंड लाइन और तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) को लेकर संघर्षरत हैं. पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच 2640 किलोमीटर लंबा बॉर्डर है, जिसे डूरंड लाइन कहते है. 1893 में अंग्रेजो के द्वारा बनाई गई इस सीमा को अफगानिस्तान आधिकारिक अंतरराष्ट्रीय सीमा नहीं मानता. दूसरी ओर, तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) को लेकर भी विवाद है. पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर TTP के आतंकियों को पनाह देने का आरोप लगाया है.