कश्मीर को दिखाया पाकिस्तान में, भारतीय भड़के तो नेपाली एयरलाइंस ने डिलीट की पोस्ट
Author: Vijay Jain
Apr 30, 2026 08:27 AM IST
Nepali Airlines Wrong Map Controversy: भारत के पड़ोसी देश नेपाल की प्रमुख एयरलाइंस कंपनी अपनी एक ‘हिमाकत’ की वजह से भारतीयों के निशाने पर आ गई है. नेपाली एयरलाइंस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर एक ऐसा नक्शा साझा किया, जिसमें भारत के अभिन्न अंग जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को पाकिस्तान के हिस्से के रूप में दिखाया गया था. इस गंभीर भौगोलिक गलती के सामने आते ही सोशल मीडिया पर बवाल मच गया और भारतीयों का गुस्सा फूट पड़ा. लाइव हिंदुस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक, नेपाली एयरलाइंस ने एक प्रमोशनल कैंपेन के दौरान एक ग्राफिक पोस्ट किया था. इस ग्राफिक में एयरलाइंस के रूट मैप या अन्य जानकारी के साथ जो नक्शा दिखाया गया, उसमें भारतीय सीमाओं के साथ छेड़छाड़ की गई थी. इसमें रणनीतिक रूप से संवेदनशील केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर को भारत के बजाय पाकिस्तान के भू-भाग में दिखाया गया. चूंकि जम्मू-कश्मीर भारत की क्षेत्रीय अखंडता का अटूट हिस्सा है, इसलिए किसी विदेशी संस्था द्वारा ऐसी चूक को सीधे तौर पर भारत की संप्रभुता पर प्रहार माना गया.
सोशल मीडिया पर बहिष्कार की मांग
जैसे ही यह पोस्ट वायरल हुई, भारतीय यूजर्स ने एयरलाइंस को आड़े हाथों लेना शुरू कर दिया. ट्विटर (X) और फेसबुक पर लोगों ने एयरलाइंस की इस हरकत की कड़ी निंदा की और कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई. कई यूजर्स ने तो नेपाली एयरलाइंस के बहिष्कार (Boycott) तक की अपील कर दी. नाराज लोगों ने भारत के विदेश मंत्रालय और नागरिक उड्डयन मंत्रालय को भी टैग किया, ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस पर कड़ा विरोध दर्ज कराया जा सके.
बिना माफी मांगे पीछे हटी एयरलाइंस
चौतरफा घिरता देख एयरलाइंस मैनेजमेंट ने ‘डैमेज कंट्रोल’ की कोशिश की, लेकिन उनका तरीका भी विवादों में रहा. कंपनी ने विवादित पोस्ट को चुपचाप अपने सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से डिलीट तो कर दिया, लेकिन खबर लिखे जाने तक इस गंभीर गलती के लिए कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण या सार्वजनिक माफीनामा जारी नहीं किया. यूजर्स का कहना है कि महज पोस्ट डिलीट कर देना काफी नहीं है, कंपनी को अपनी मंशा साफ करनी चाहिए.
भारत का रुख हमेशा से है सख्त
यह पहली बार नहीं है जब किसी विदेशी संस्था ने भारत का गलत नक्शा दिखाया हो. इससे पहले इज़रायली डिफेंस फोर्सेज (IDF) और ट्विटर जैसी कंपनियां भी ऐसी गलती कर चुकी हैं, जिस पर भारत सरकार ने बेहद कड़ा रुख अपनाया था. भारत का स्पष्ट मानना है कि पूरा जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भारत का अविभाज्य अंग है और सीमाओं का गलत चित्रण एक दंडनीय अपराध है.
नेपाली एयरलाइंस मुख्य रूप से दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे भारतीय शहरों के लिए उड़ानें संचालित करती है. ऐसे में भारतीय बाजार पर निर्भर होने के बावजूद इस तरह की राजनीतिक चूक कंपनी की साख पर बड़े सवाल खड़े करती है.